Breaking News
recent

चोरों के हौसले बुलंद, मंत्री निवास के पास भी किया हाथ साफ

लालसोट. नए साल की शुरुआत के साथ ही शहर में शुरू हुआ चोरी की वारदातों का सिलसिला फरवरी माह के अंत में भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार रात्रि को शहर की जंगदबा कॉलोनी व सरस्वती विहार कॉलोनी में दो शिक्षकों के सूने मकानों के ताले तोड़ कर चोर हजारों की नकदी, जेवरात व अन्य सामान ले गए। चोरियों की जानकारी मिलते ही दोनों कालानियों में दर्जनों लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। पुलिस ने घटनाओं का जायजा लिया।

 

 


जगदंबा कॉलोनी में उद्योग मंत्री परसादीलाल मीना के निवास के समीप दिनेश साहू के मकान में किराए से रहने वाले शिक्षक विश्राम सैनी अपने पिताजी का देहांत होने पर 15 फरवरी से गांव रजवास गए हुए थे। रविवार सुबह जब पड़ोसियों ने दूरभाष पर पीडि़त को जानकारी दी। सैनी को मकान पर पहुंचने पर सभी कमरों के ताले टूटे हुए तथा सामान बिखरा मिला। सैनी ने बताया कि चोर 12 हजार 500 रुपए की नकदी, सोने के दो टॉप्स, चांदी की दो चेन, एक स्मार्ट फोन व अन्य जरूरी दस्तावेज ले गए।

 


आलमारी को खाली भूखंड में डाला


शनिवार रात्रि को चोरी की एक अन्य घटना सरस्वती विहार कॉलोनी में रहने वाले शिक्षक कमलेश कुमार बैरवा के यहां हुई। शिक्षक ने बताया कि वह शनिवार को परिवार समेत अपने गांव गया था। रात्रि को चोरों ने मकान में घुसकर सभी आलमारियों के ताले तोड़ दिए और 40 हजार की नकदी, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, दो अंगूठी व अन्य सामान ले गए।

 

चोरों ने सभी कमरोंं में रखे सामान को भी बिखेर दिया और एक कमरे में रखी आलमारी को क्षतिग्रस्त करने के बाद उसे उठाकर पास ही मौजूद एक खाली भूखंड मेें डाल गए। मामले की जानकारी रविवार सुबह लोगों ने मकान के दरवाजे खुले देख दूरभाष पर कमलेश बैरवा को दी।

 


सुरक्षित नगर के वांशिदे स्वयं कर रहे है गश्त


शहर के सुरक्षित नगर में पिछले माह हुई चोरियों की वारदातों के बाद अब भी सुरक्षित नगर के वाशिंदे अपनी कॉलोनी में रात्रि को गश्त करने का मजबूर है। सुरक्षित नगर कार्य सेवा समिति के अध्यक्ष एस.के. शर्मा ने बताया कि क्षेत्र के वाशिंदे सर्दी के दौरान चोरों से बचाव के लिए रात्रि को गश्त करने पर मजबूर हैं।

 


गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा


लालसोट सीओ मनराज मीना ने बताया कि शहर में नियमित पुलिस गश्त की जाती है, अब इस गश्त को और भी प्रभावी बनाया जाएगा। शहर के वाशिंदे भी थोड़े सजग रहे। मकानों को सूना नहीं छोड़ें। (नि.प्र.)

 

 

पुलिस के दावों की निकली हवा


शहर में चोरी की वारदातों को रोकने के बार बार पुलिस अधिकारी पर्याप्त गश्त के दावें करते है, लेकिन एक दो दिन के ही अंतराल में उनके सभी दावों की हवा निकल जाती है। शनिवार रात्रि को कोथून रोड क्षेत्र की दो कॉलोनियों में चोरी की वारदातों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़ कर दिए हैं।

 

गत दिनों चोरियों की बढती वारदातों के बाद पुलिस ने शहर में सक्रिय समाज कंटकों को पकडऩे के लिए डोर टू डोर अभियान शुरू करते हुए किराएदारों का सर्वे कर समाजकंटकों को चिन्हित करने का दावा किया था, इस अभियान का भी कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है और चोर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

 


एसपी के समक्ष भी जता चुके हैं रोष


शहर में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का मुद्दा गत दिनों पुलिस अधीक्षक प्रहलाद सिंह के जन संवाद कार्यक्रम में भी उठ चुका है। इस दौरान भी कई जनों ने चोरी की वारदातें होने पर रोष जताते हुए लालसोट थाना पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए थे। इसके बाद भी करीब आधा दर्जन चोरियों की वारदातें हो चुके है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.