जयपुर।
पुलवामा में हुई आतंकी घटना के बाद शहीद जवानों के परिवारों को आर्थिक सम्बल देने के मकसद से हर वर्ग के लोग बढ़-चढ़कर आगे आ रहे हैं। निस्वार्थ भावना से भूमिका निभाते हुए विभिन्न संगठन भी शहीदों के परिवारों के लिए 'मुख्यमंत्री सहायता कोष' में योगदान दे रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने स्वयं भी अनूठी पहल की है।
सीएम को मिले स्मृति चिन्हों-उपहारों की होगी नीलामी
शहीद जवानों के परिवारों को सम्बल प्रदान किये जाने के मद्देनज़र मुख्यमंत्री अशोक गहलोत स्वयं भी अनूठी पहल करने जा रहे हैं। इसके तहत स्मृति चिन्ह एवं उपहारों की नीलामी करना तय हुआ है। इन स्मृति चिन्हों और उपहारों की नीलामी से जुटाई गई धनराशि को ‘सीएम रिलीफ फंड‘ में शहीदों के लिए दी जाएगी।
जयपुर में होगा नीलामी कार्यक्रम
सीएम अशोक गहलोत को मिले स्मृति चिन्हों और उपहारों का नीलामी कार्यक्रम आगामी 3 मार्च को जयपुर के जवाहर कला केंद्र में आयोजित होगा। सीएम ने भी इस नीलामी कार्यक्रम में लोगों से भरपूर भागीदारी कर ज्यादा से ज्यादा सहयोग करने का आह्वान किया है।
आमजन से भी मदद को आगे आने की अपील
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आमजन से भी अपील की है कि देश की सीमा की रक्षा के लिए शहादत देने वाले जवानों के परिवारों की मदद के लिए आगे आएं और ‘मुख्यमंत्री सहायता कोष‘ में योगदान देकर इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों एवं सुनामी से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आयोजित स्मृति चिन्ह नीलामी कार्यक्रम में लोगों ने खुले दिल से सहयोग किया था। गुजरात में आये भूकंप, कश्मीर में आई बाढ़ तथा हाल ही में केरल में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए भी ऎसे कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।
21 लाख का चेक भेंट
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को स्प्रिंग बोर्ड एकेडमी कोचिंग संस्थान की ओर से शहीदों के परिवारों की मदद के लिए 21 लाख रुपए का चैक ‘सीएम रिलीफ फंड‘ के लिए भेंट किया गया। यह चैक स्प्रिंग बोर्ड एकेडमी की ओर से विजय सिंह ने भेंट किया।





No comments:
Post a Comment