नई दिल्ली। हैमिल्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे चौथे वनडे मैच में टीम इंडिया की पहली पारी केवल 92 रन बनाकर आल आउट हो गई। पांच मैचों की सीरीज में 3-0 से आगे चल रही टीम इंडिया की बल्लेबाजी आज ताश के पत्तों की तरह ढह गई और क्रिकेट प्रेमियों को काफी निराशा हाथ लगी। आंकड़ों की मानें तो टीम इंडिया का बृहस्पतिवार को बनाया गया स्कोर बीते 9 सालों में सबसे कम है।
जानिए टीम इंडिया द्वारा बनाए गए 10 सबसे कम स्कोर और इनके परिणामों के बारे में। यहां यह बताना जरूरी है कि टीम इंडिया द्वारा जब भी 100 से कम का स्कोर बनाया गया है, तब इसे हार का मुंह देखना पड़ा।
- 10. वर्ष 2008 में टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेलते हुए 103 रन बनाए थे। इस मैच में श्रीलंका की टीम 112 रन से जीती थी।
- 9. इससे पहले 2000 में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को केवल 100 रनों पर ढेर कर दिया था। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच को 5 विकेट से जीता था।
- 8. वर्ष 1993 में वेस्ट इंडीज के खिलाफ टीम इंडिया 100 रन ही बना सकी थी। सरदार पटेल स्टेडियम पर खेले गए इस मैच में वेस्ट इंडीज ने 69 रनों से मैच में जीत हासिल की थी।7.
- 7. आज यानी 2019 में हैमिल्टन में खेले गए मैच में टीम इंडिया पहली पारी में केवल 92 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड ने इस मैच को 8 विकेट के अंतर से जीत लिया।
- 6. इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2006 में हुए मैच में भारतीय बल्लेबाज केवल 91 रन ही बना सके थे। दक्षिण अफ्रीकी टीम ने इस मैच को 157 रनों के विशाल अंतर से जीता था।
- 5. वहीं, वर्ष 2010 में न्यूजीलैंड ने भारत को केवल 88 रनों पर समेट दिया था। इस मैच में कीवी टीम ने 200 रनों से जीत दर्ज की थी।
- 4. वर्ष 1978 में सियालकोट के जिन्ना स्टेडियम पर हुए मैच में भारत की टीम 79 रन ही बना पाई थी। पाकिस्तान ने इस मैच को 8 विकेट के अंतर से जीता था।
- 3. इसके बाद 1986 में श्रीलंका ने ग्रीन पार्क, कानपुर में हुए मैच में टीम इंडिया को 78 रनों पर निपटा दिया था और मैच को 117 रनों से जीता था।
- 2. वर्ष 1981 में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम इंडिया केवल 63 रन ही बना पाई थी। कंगारुओं ने मैच को 9 विकेट के अंतर से जीता था।
- 1. वर्ष 2000 में श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया केवल 54 रनों पर ताश के पत्तों की तरह ढह गई थी। श्रीलंका ने तब 245 रनों के भारी अंतर से भारतीय टीम को शिकस्त दी थी।





No comments:
Post a Comment