सीकर। सेना से भले ही शेखावाटी के कई जवान सेवानिवृत्त हो गए, लेकिन उनमें देशभक्ति का जज्बा आज भी कम नहीं हुआ है।
सीआरपीएफ के शहीद जवानों को नम आंखों से श्रद्धांजलि देते हुए शुक्रवार को सैनिक कल्याण बोर्ड कार्यालय में एकत्रित हुए पूर्व सैनिकों ने बोर्डर पर जाकर बदला लेने की बात कहीं। उन्होंने कहा शहीदों का बदला लेने और पाकिस्तान का नामो निशान मिटाने के लिए शेखावाटी के पूर्व सैनिक ही काफी है।
देश सेवा के लिए एक मौका और मिल जाए, तो हम पीछे नहीं हटेंगे। पुलवामा के अवंतीपोरा इलाके में गुरुवार को शहीद हुए जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देने वालों का तांता दिनभर ही लगा रहा। देश की जनता का आक्रोश और भावना को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को परिस्थितिनुसार सेना को हर कार्रवाई के लिए स्वतंत्र कर दिया।
मोदी के इस निर्णय ने सैनिकों, पूर्व सैनिकों व देशवाशियों का मनोबल बढ़ा दिया है। पीएम के इस निर्णय पर जब पूर्व सैनिकों व आमजन से बात की गई तो उन्होंने पीएम के इस निर्णय को काफी सराहा और सही समय पर सही कदम बताया।
गौरतलब है कि गुरुवार की शाम को जम्मू एवं कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षा बलों के काफिले पर आतंकी हमला हुआ था। इस हमले में 42 जवान शहीद हो गए। शहीद जवानों में राजस्थान के 5 जवान भी शामिल हैं। शहीद जवानों का नाम नारायण लाल गुर्जर (राजसमन्द), जीतराम गुर्जर (भरतपुर), हेमराज मीणा (कोटा), रोहिताश लाम्बा (जयपुर) और भागीरथ (धौलपुर) है।





No comments:
Post a Comment