बाड़मेर . पंचायत समिति बाड़मेर के सभागार में सोमवार को हुई साधारण बैठक प्रधान पुष्पा देवी की अध्यक्षता में हुई। इसमें बिजली-पानी के मुद्दों पर गहमागहमी बनी। जनप्रतिनिधियों ने दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत रुपए लेकर कनेक्शन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दो पास-पास के घरों में रुपए देने वालों के कनेक्शन हो गए, लेकिन दूसरे को पोल भी नहीं मिला।
इस पर विधायक मेवाराम जैन ने डिस्कॉम के अधिकारियों से कहा कि आप लोगों को लूटाओ मत, गलत काम जल्द बंद नहीं किए तो वे ग्रामीणों के साथ मंत्री के सामने धरने पर बैठ जाएंगे। इस पर अधीशासी अभियंता भैराराम ने कहा कि वे इस मामले की जांच करवाएंगे तो विधायक ने कहा कि आपकी जांचें कैसी होती और कैसे होती है हमें पता है। उन्होंने एक अधिकारी का नाम लेते हुए कहा कि आगे से कोई शिकायत आई तो किसी को घर भी जाना पड़ सकता है।
पेयजल समस्या को लेकर भी जनप्रतिनिधियों ने कहा कि गांवों में कई जीएलआर चार माह से तो कई चार वर्षों से सूख पड़े हैं। पेयजल लाइनों में जगह-जगह अवैध कनेक्शन की भरमार है, लेकिन अधिकारी कभी बाहर भी नहीं निकलते। कई जगह ट्यूबवेल चालू करने वाला नहीं है।
ऐसे में ग्रामीणों को टैंकर मंगवाने पड़ते हैं। इस पर विधायक ने अधिकारियों से कहा कि सरकार ने आपको गाड़ी दे रखी है तो उसे लेकर फील्ड में भी जाया करें। कहीं किसी सामान की जरूरत हो तो उसे विधायक फंड से स्वीकृत कर दिया जाएगा। आगे गर्मी आ रही है तैयारी अभी से करनी होगी।
'एक किलो आटे जितो कोम कोनी, फिटा बाळो नी
पेयजल समस्या की बार-बार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने से परेशान एक सरपंच ने जलदाय विभाग के प्रति गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने ने कहा कि- 'ऐथ बैठा इता जणो महूं के ई नी केयो के ऊओं रे पोणी घणोई है। हर बार ईयों ने थोरा करों। अधिकारियों ने तणखा मिळे ऊए में एक किलो आटे जितोई कोम नी होवे। होणों तो कईं है कोनी फिटा बाळो नी, दूजी बात करों। इसके बाद दूसरे मुद्दे पर बात शुरू हो गई।
27 में से 1 में पूर्ण विद्युतिकरण
गांवों में विद्युतिकरण को लेकर विधायक ने जानकारी ली तो डिस्कॉम के अधीशासी अभियंता ने बताया कि उनके क्षेत्र में 27 ग्राम पंचायतें आती हैं। इनमें से एक सनावड़ा में पूर्ण विद्युतिकरण हो गया है। वहीं 21 में काम चल रहा है।
किसी ने 4 तो किसी से 30 हजार लिए
ग्राम पंचायत बेरिवाला तला सरपंच खरताराम ने कहा कि गांव में एक जने के घर शादी के चलते मजबूरी का फायदा उठा ठेकेदार ने 30हजार रुपए लेकर विद्युत कनेक्शन किया। वहीं बोथिया के रामसिंह ने बताया कि उनके गांव में कई ग्रामीणों से 3 से 4 हजार तक रुपए लेकर कनेक्शन किए गए।
खोद कर छोड़ी सड़क, शौचालयों का भुगतान नहीं
बेरीवाला तला सरपंच ने बताया कि उनके यहां वर्षों पुरानी सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। इसके पुनर्निर्माण का प्रस्ताव दिया तो सार्वजनिक निर्माण विभाग से इसे खोद कर छोड़ दिया। ऐसे में अब यहां से वाहन निकलना भी मुश्किल हो गया। इस पर विधायक ने इसे ठीक करवाने की बात कही। सरपंच ने कहा कि उनकी ग्राम पंचायत जिले की पहली ओडीएफ है, लेकिन शौचालयों का अब तक भुगतान नहीं हो पाया है।
विधायक को 7 बार उठक-बैठक
चुनाव के बाद पंचायत समिति की पहली बैठक में विधायक मेवाराम जैन का स्वागत किया गया। इस दौरान पहले दो जनों ने उन्हें माला पहनाई। इसके बाद उपप्रधान का स्वागत हुआ। इसके बाद जनप्रतिनिधियों का टुकड़ों में स्वागत से विधायक को सात बार उठक-बैठक करनी पड़ी।
इन पर भी हुई चर्चा
सभा में विद्यालयों को फिर से शुरू करने, सड़कों की मरम्मत, चिकित्सा व्यवस्था सुधारने, सबसेंटर्स पर एएनएम लगाने, नए आंगनबाड़ी केंद्र शुरू करने, कार्यकर्ता, सहयोगिनी व सहायिका लगाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
ये रहे उपस्थित
बैठक में जिला प्रमुख प्रियंका मेघवाल, विकास अधिकारी कैलाश चंद्र चौधरी, उप जिला प्रमुख सोहनलाल चौधरी, उप प्रधान कुटलाराम सहित जिला परिषद् व पंचायत समिति सदस्य तथा सरपंच उपस्थित रहे।





No comments:
Post a Comment