Breaking News
recent

ज्ञान 10 हजार की संख्या का, रोल नंबर आए 10 करोड़ में

गंगापुरसिटी . इम्तिहान की घड़ी से गुजर रहे पांचवीं के नन्हे विद्यार्थियों की पीर रोल नंबर ने बढ़ा दी है। अमूमन पांचवीं तक के विद्यार्थियों को स्कूलों में 10 हजार तक की संख्या का ज्ञान कराया जाता है, लेकिन इस बार उनके रोल नंबर 10 करोड़ के अंकों में आए हैं। ऐसे में विद्यार्थी परीक्षा देने से पहले रोल नंबर याद करने में ही चकरा गए हैं। इस बार परीक्षा में 7666 विद्यार्थी शामिल होंगे।


उपखंड में 4 अप्रेल से शुरू हो रही 5वीं बोर्ड की परीक्षा के सफल आयोजन के लिए बोर्ड की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डाइट ने सभी परीक्षा संग्रहण केन्द्रों पर प्रश्न-पत्र पहुंचा दिए हैं, लेकिन इन सबके बीच बोर्ड की ओर से परीक्षा के लिए जारी की गई ९ अंकों की रोल नम्बर सीरीज परीक्षार्थियों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। विद्यार्थियों को 5वीं कक्षा के सिलेबस के हिसाब से 10 हजार तक की संख्याओं का ज्ञान कराया जाता है। इसके चलते विद्यार्थी को 4 अंकों के जोड़, बाकी, गुणा एवं भाग ही कर सकते हैं।

ऐसे में 5 अंकों की संख्या उनके बूते से बाहर होने से उन्हेंं परीक्षा में रोल नम्बर लिखने की चिंता सता रही है। अभिभावक भी बोर्ड की इस व्यवस्था से चितिंत नजर आ रहे है। उनका कहना है कि बच्चों के सामने अंग्रेजी विषय में रोल नम्बर लिखना बड़ी चुनौती होगी। दरअसल बोर्ड ने परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए अपनी सुविधा के अनुसार 6 अंक विद्यार्थियों की संख्या के, 2 अंक जिला कोड एवं 1 अंक राज्य कोड का निर्धारित किया है। हालांकि परीक्षा से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा के दौरान वीक्षक परीक्षार्थियों की रोल नम्बर लिखने में मदद करेंगे।


प्रश्न पत्र वितरित किए


डाइट की ओर से शुक्रवार को ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सानिध्य में सभी संग्रहण केन्द्रों को प्रश्न पत्र वितरित कर दिए गए। संग्रहण केन्द्रों द्वारा परीक्षा के दिन अपने अधिकार क्षेत्र के परीक्षा केन्द्र को प्रश्न पत्रों का वितरण किया जाएगा। अभी प्रश्न पत्रों को सुुरक्षा की दृष्टि से पुलिस थाने में रखवाया गया है।


6 संग्रहण केन्द्र व 46 परीक्षा केन्द्र बनाए


डाइट की ओर से परीक्षा के सफल संचालन के लिए गंगापुरसिटी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राबाउमावि, राबामावि एवं उमावि तलावड़ा, उमावि मोहचा व उमावि वजीरपुर सहित 6 संग्रहण केन्द्र बनाए हैं। साथ ही इनके अधीन 46 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। डाइट की ओर से इस बार राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय गंगापुरसिटी को नवीन संग्रहण केन्द्र के रूप में शामिल किया है।


यह रहेगा परीक्षा कार्यक्रम


डाइट की ओर से जिला स्तरीय प्राथमिक शिक्षा अधिगम स्तर मूल्यांकन के तहत 5वीं कक्षा की परीक्षाएं 4 अप्रेल से सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक होंगी। परीक्षा कार्यक्रम के तहत 4 अप्रेल को हिन्दी, 5 अप्रेल को अंगे्रजी एवं 8 अप्रेल को गणित विषय की परीक्षा होगी। इसी प्रकार 9 अप्रेल को पर्यावरण अध्ययन एवं 10 अप्रेल को संस्कृत, उर्दू व सिन्धी विषय की परीक्षा होगी।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.