बीकानेर. नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। सोमवार देर रात को सदर पुलिस ने अवैध रूप से डोडा-पोस्त ले जा रहे तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। सदर सीआइ ऋषिराज सिंह ने बताया कि सोमवार रात को उपनिरीक्षक विकास बिश्नोई, हैडकांस्टेबल साहबराम, कांस्टेबल जगदीश, भवानी, जसबिन्द्र गश्त पर थे। श्रीगंगानगर चौराहे पर तीन व्यक्ति खड़े थे, जिन्हें देखकर पुलिस को शक हुआ। पुलिस टीम उनके पास गई, उनसे पूछताछ की तो वे हड़बड़ा गए। पुलिस ने उसके थैलों की तलाशी ली, जिसमें से करीब ११ किलो अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ।
इस पर पुलिस ने भठिंडा के भुच्चो मंडी निवासी कुलदीप कुमार (४०) पुत्र जीतसिंह पंडि़त, सिरसा के करियाला निवासी मलकीतसिंह (४१) पुत्र जीतसिंह एवं पंजाब के शेखपुरा तलवंडी निवासी मिन्टूसिंह पुत्र बल्लोर सिंह मजहबी सिख को गिरफ्तार किया है। एसआई विकास बिश्नोई ने बताया कि आरोपी जैसलमेर की तरफ से आए थे। वे यहां से श्रीगंगानगर-पंजाब जाने की फिराक में थे। पुलिस ने उन्हें श्रीगंगानगर चौराहे पर बस का इंतजार करते समय ही दबोच लिया।





No comments:
Post a Comment