Breaking News
recent

बजट के अभाव में अटक गई 1200 लोगों की पेंशन

सुनेल. सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को जनवरी का भुगतान नहीं हुआ है। इसकी वजह बजट का अभाव बताई जा रही है। पंचायत समिति में जनवरी तक विधवा, विकंलाग, वृद्धावस्था, कुल 19 हजार 622 पेंशनधारी हैं जिनमें से 1 हजार 200 लोगों को पेंशन नहीं मिल रही है। लोग कभी बैंक के तो कभी पेंशन कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। पेंशनधारी महिला धापू बाई, कस्तूरी बाई, रामकन्या बाई आदि ने बताया कि पेंशन नहीं मिलने से तंगी के दौर से गुजर रहे हैं।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन के पात्र लाभार्थियों को प्रति वर्ष ई-मित्रों के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन कराना होता है, इसमें जीवित प्रमाण पत्र लगाना होता है, ऐसा नहीं करने पर 11 माह पूरे होते ही पेंशन की राशि आना बंद हो जाती है। बहुत से लाभार्थियों ने सत्यापन नहीं कराया, इससे उनकी पेंशन अटक गई है।
यहां करें संपर्क
पेंशन के लाभार्थी को ई-मित्र पर ऑनलाइन सत्यापन कराना होता है, इसके बाद भी यदि पेंशन शुरू नहीं होती है, तो उपखंड अधिकारी पिड़ावा, विकास अधिकारी आदि से संपर्क कर जानकारी ले सकते हैं।
--बजट की कमी के कारण एक हजार दो सौ लोगों को पेंशन का भुगतान नही हो पाया है।
मुनीष कुमार मीणा, उपकोष अधिकारी पिड़ावा

हिम्मतगढ़ में ग्राम विकास अधिकारी नहीं होने से किसानों को परेशानी
पिड़ावा. ग्राम पंचायत हिम्मतगढ़ के ग्रामीणों को ग्राम विकास अधिकारी के अभाव में परेशान होना पड़ रहा है। रईस अली, इसराइल मंसूरी, बालचंद दांगी, कान्हा तंवर, आशिक अली ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी नहीं होने से पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय आदि कार्य के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। गौरतलब है कि 11 फरवरी को तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी सुरेश दंागी पेंशन घोटाले के मामले में गिरफ्तार होने के बाद यंहा अमरलाल सेन को ग्राम विकास अधिकारी के पद पर लगाया गया लेकिन 21 दिन बीत जाने के बाद ग्राम विकास अधिकारी सेन द्वारा अभी तक चार्ज नही लिया गया।
--इस मामले की जंाच करवाकर शीघ्र ही ग्राम विकास अधिकारी को चार्ज दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
रामचरण शर्मा, एडीएम झालावाड़

साइकिल रैली से मतदाताओं को किया जागरूक
झालावाड़. लोकसभा आम चुनाव के मतदाता को जागरुक करने के उद्देश्य से चल रहे मतोत्सव-मत का अधिकार सप्ताह के तहत गुरुवार को साईकिल रैली निकाली गई। रैली मिनी सचिवालय से खेल संकुल तक निकाली गई। रैली में जिला खेल अधिकारी कृपाशंकर शर्मा, मेडिकल कॉलेज के डॉ. जितेन्द्र सिंह, साईक्लिंग वेलफेयर सोसायटी के उपाध्यक्ष मनोज शर्मा, सदस्य उज्जवला कानोड़े, विक्रम टांक, पुरषोत्तम योगी, डॉ. दीपक सहित अन्य ने भाग लिया।

टमाटर से भरा ट्रक पलटा, चालक घायल
रीछवा. स्टेट हाइवे 8 9 कोटा-भोपाल मार्ग की बड़बड़ पुलिया पर सुबह टमाटर से भरा मिनी ट्रक पलट गया। इसमें ट्रक चालक धर्मेंद्र मामूली घायल हो गया। वहीं टमाटर के कैरेट सड़क पर बिखर गए। ट्रक धामनोद से दिल्ली जा रहा था। चालक ने बताया कि सामने से कन्टेनर आ गया था। जिससे संतुलन बिगड़ गया। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

सेलीगढ़ी महादेव धाम मेला कल
सारोला/गाडरवाड़ानूरजी. सेलीगढ़ी महादेव धाम पर आयोजित पांच दिवसीय महा शिवरात्रि मेले का शुभारंभ 4 मार्च को होगा। सरपंच राजेन्द्र मीणा ने बताया कि मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 3 मार्च रात को भक्ति जागरण होगा। इसमें एक दर्जन से अधिक गांवों की भजन मंडलियां भाग लेंगी। श्रेष्ठ भजन मंडली को पुरस्कृत किया जाएगा। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि कांग्रेस जिलाध्यक्ष व प्रधान कैलाश मीणा करेंगे।

क्यासरा में होगा 101 किलो दूध से अभिषेक
डग. कस्बे के समीप प्रसिद्ध कायावर्णेश्वर महादेव मंदिर क्यासरा पर महाशिवरात्रि पर्व 4 मार्च को मनाया जाएगा। यहां दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में हजारों श्रद्धालु भाग लेते हैं । साथ ही भगवान भोले नाथ का 51 पंडितों द्वारा 101 किलो दूध-दही से अभिषेक किया जाएगा।

भजन संध्या आज
बकानी. क्षेत्र के झरमोड़ी स्थित श्री हेमन्तेश्रवर महादेव मंदिर पर शिवरात्रि महापर्व पर रविवार रात भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। समाज सेवी राजू लोधा ने बताया कि मनासा की वन्दना राव व विनोद राव द्वारा भजन प्रस्तुत किए जाएंगे।

कलश यात्रा के साथ होगा अभिषेक
खानपुर. क्षेत्र के जोलपा मे महाशिवरात्रि पर बाबा भाणेश्वर महादेव मंदिर पर कलशयात्रा के साथ अभिषेक किया जाएगा। जोलपा निवासी कवि निशामुनि गौड़ ने बताया कि शिवरात्रि पर प्रात: 10 बजे भाणेश्वर महादेव सेवा समिति व ग्रामीणों के सहयोग से शोभयात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद राजबावड़ी के जल से भगवान शिव का अभिषेक व महाआरती के बाद महाप्रसादी वितरीत की जाएगी।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.