Breaking News
recent

15 वर्ष पहले बनी सड़क फिर नहीं हुई मरम्मत,आवागमन हुआ मुश्किल

जैसलमेर/पोकरण. क्षेत्र के भणियाणा से पन्नासर जाने वाली सडक़ क्षतिग्रस्त होने के कारण राहगीरों व वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। गौरतलब है कि वर्षों पूर्व सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से 15 वर्ष पूर्व भणियाणा से दूधली की नाडी पन्नासर तक डामर सडक़ का निर्माण करवाया गया था। निर्माण के बाद समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण सडक़ पूरी तरह से क्षतिग्रस्त पड़ी है। हालात ये हो गए है कि छह किमी का सफर तय करने में आधा घंटे का समय लग जाता है। ऐसे में राहगीरों व वाहन चालकों का आवागमन मुश्किल हो रहा है। कई बार आपात परिस्थितियों में एम्बुलेंस व अन्य वाहनों को निकलने में खासा समय लग जाता है। जिससे दुर्घटना में घायल व्यक्ति अथवा गंभीर बीमारी के मरीज को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाती है। इस मार्ग पर दिन रात राहगीरों व वाहनों का आवागमन लगा रहता है। राजमथाई से भणियाणा आने वाले राहगीरों के लिए भी यह मार्ग कम दूरी का होने के कारण लोग इसी मार्ग से आवागमन करते है, लेकिन क्षतिग्रस्त सडक़ के कारण उन्हें खासी परेशानी होती है।
गहरे गड्ढ़ों से हादसे की आशंका
भणियाणा से दूधली नाडी पन्नासर तक सडक़ क्षतिग्रस्त होने के कारण इसमें गहरे गड्ढ़े हो गए है। जगह-जगह हुए गड्ढ़ों तथा किनारों के क्षतिग्रस्त होने के कारण आमने-सामने वाहन आने के दौरान हादसे की आशंका बनी रहती है। गड्ढ़ों व सडक़ पर जगह-जगह बिखरी कंकरीट के कारण रात्रि के समय वाहनों के असंतुलित हो जाने तथा पलट जाने से किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। बावजूद इसके सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से सडक़ की मरम्मत करवाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
करवाया जाएगा नवीनीकरण
भणियाणा से दूधली नाडी पन्नासर तक क्षतिग्रस्त सडक़ के पुनर्निर्माण का कार्य विभाग के स्टेट हेड से स्वीकृत है। बजट के अभाव में कार्य अटका हुआ है। शीघ्र ही बजट आवंटित होते ही सडक़ का नवीनीकरण किया जाएगा।
ओमप्रकाश चौधरी, अधिशासी अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग, पोकरण।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.