सेंचुरियन। दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में 16 रन से जीत दर्ज कर सीरीज पर भी कब्जा कर लिया। तीन टी20 मैचों की सीरीज में दक्षिण अफ्रीका ने 2-0 की बढ़त बना ली है। अब आखिरी मैच 24 मार्च को जोहानिसबर्ग में खेला जाएगा।
दक्षिण अफ्रीका की सीरीज में अजेय बढ़त
दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर गई श्रीलंकाई टीम का खराब प्रदर्शन लगातार जारी है। पहले वनडे सीरीज हारने के बाद अब श्रीलंका ने टी20 सीरीज भी हाथो से गंवा दी है। सेंचुरियन के सुपर स्पोर्ट पार्क में खेले गए दूसरे टी20 मैच में दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को जीत के लिए 181 रनों का लक्ष्य दिया था, लेकिन मेहमान टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 164 रन ही बना सकी।
श्रीलंका को मिला था 181 रन का लक्ष्य
श्रीलंकाई कप्तान लसिथ मलिंगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों ने लंकाई कप्तान के इस फैसले को गलत साबित करते हुए बोर्ड पर 180 रन टांग दिए। दक्षिण अफ्रीका के लिए रीजा हेंड्रिक्स ने 65 रन और वान-डर-डुसेन ने 64 रनों की तेजतर्रार पारियां खेल कर टीम को एक बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया। श्रीलंका के लिए इसुरु उदाना ने 2 विकेट लिए।
50 रन के भीतर आधी टीम लौटी पवेलियन
181 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत ही बेहद खराब रही। श्रीलंका का पहला विकेट 1 रन के स्कोर पर ही गिर गया। इसके बाद टीम के स्कोर में सिर्फ 4 रन ही जुड़े थे कि कुशल मेंडिस भी पवेलियन चलते बने। 50 रन के अंदर श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी।
इसुरु उदाना ने खेली आतिशी पारी
इसके बाद इसुरु उदाना का शो शुरु हुआ, जिन्होंने दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों पर चौकों-छक्कों की बारिश करते हुए 48 गेंदों पर 84 रनों की आतिशी पर खेल डाली। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 8 चौके और 6 छक्के जड़े। मैच के दौरान एक समय तो ऐसा लगने लगा कि कहीं उदाना इस मैच को अफ्रीका के हाथ से छीनकर न ले जाएं, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे और श्रीलंका की टीम जीत से सिर्फ 16 रन दूर रह गई।





No comments:
Post a Comment