अलवर. बढ़ते प्रदूषण को लेकर कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं आगाह कर रही हैं। लेकिन इसके बावजूद हालात नहीं सुधर रहे हैं। एक अंतरराष्ट्रीय अध्ययन की रिपोर्ट ने देश में बढ़ते प्रदूषण की असलियत सबके सामने रख दी है। आईक्यूएयर एयर विजुअल और ग्रीनपीस ने अध्ययन कर 2018 एयर क्वालिटी रिपोर्ट नाम से एक रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया के सबसे ज्यादा प्रदूषित 10 शहरों में से सात भारत के हैं। इसमें से राजस्थान का एक शहर विश्व में 5वें स्थान पर सबसे प्रदूषित है। अलवर जिले का भिवाड़ी विश्व में 5वें नंबर पर सबसे प्रदूषित शहर है। भिवाड़ी में प्रदूषण का स्तर 125.4 पाया गया। भिवाड़ी के अलवा गुरुग्राम इस लिस्ट में टॉप पर है। दूसरे नंबर पर गाजियाबाद, चौथे पर फरीदाबाद फिर पांचवे पर भिवाड़ी का नंबर है। इस स्टडी में प्रदूषण मापने के लिए पीएम 2.5 यानी ढाई माइक्रॉन (1 माइक्रॉन = 1 मिलीमीटर का सौवां हिस्सा) के आकार वाले कण को आधार बनाया गया। यह रिपोर्ट दुनिया भर में लगे हजारों वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन से ली गई डेटा की समीक्षा के बाद तैयार की गई है।
भिवाड़ी में हालात खराब
भिवाड़ी में प्रदूषण सारे रेकॉर्ड तोड़ रहा है। वर्ष 2018 में दिवाली पर प्रदूषण बेहद खतरानाक स्तर पर पहुंचा था। भिवाड़ी में दिवाली के अगले दिन पीएम 2.5 का स्तर 390 तक पहुंच गया था। जो अपने आप में एक रेकॉर्ड है।
बढ़ता उद्योग चिंता का विषय
भिवाड़ी में इन दिनों उद्योग लगातार बढ़ रहा है। इसके कारण प्रदूषण में भी बढ़ोतरी हो रही है। भिवाड़ी में फैक्ट्रियां व इकाइयां तो जहर उगल ही रही है, इसके साथ ही आस-पास के इलाकों में अवैध खनन से वायु में पीएम 2.5 के कण बढ़ रहे हैं।
नहीं चेते तो होगी मुश्किल
इन दिनों लोग भिवाड़ी सहित एनसीआर में अधिक निवेश कर रहे हैं। सभी चाहते हैं कि इस क्षेत्र में उनकी प्रोपर्टी हो, इसी क्षेत्र में ही सबसे अधिक फैक्ट्रियां खुल रही है, इससे यहां प्रदूषण भी हो रहा है। ऐसे में यहां रहने वाले लोगों के लिए यहां की हवा बेहद खतरनाक है। अगर जल्दी नहीं चेते हो हालात और भी भयावह होंगे।





No comments:
Post a Comment