अजमेर.
फाल्गुन के मौसम में रंगबिरंगे फूलों से प्रकृति इठलाती नजर आई। विभिन्न प्रजातियों के नयनाभिराम फूलों को देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो गए। विविध रंगों के गुलाब, गैंदा, चम्पा और अन्य फूलों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय में आयोजित पुष्प प्रदर्शनी में यह नजारा दिखा।
पुष्प प्रदर्शनी में डहेलिया, पिटूनिया, गजेनिया, डॉग फ्लावर, पेन्जी, ओरनामेन्टर केबिज और अन्य पुष्पों ने आकर्षित किया। गैंदा, गुलाब, सन फ्लावर, डेजर्ट फ्लावर, गुलदाउदी, लिलि, पाम के अलावा कोचिया और अन्य पुष्पीय पौधे भी इठलाते नजर आए। प्रदर्शनी में 50 से अधिक शरद ऋतु के फूलों को प्रदर्शित किया गया है। वभिन्न स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों और आम लोगों ने फूलों की सुंदर किस्मों का अवलोकन किया।
नियमित नहीं होती थी प्रदर्शनी...
1836 में स्थापित सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय (तब जीसीए) में कई वर्षों तक पुष्प प्रदर्शनी का नियमित आयोजन किया गया। 2005 के बाद कुछ साल प्रदर्शनी नहीं लगाई गई। साल 2011-12 में तत्कालीन प्राचार्य डॉ. प्रवीण बहल के कार्यकाल में फूलों की प्रदर्शनी लगाई इसके बाद चार साल कोई आयोजन नहीं हुआ। पिछले साल वापस प्रदर्शनी लगाने की शुरुआत हुई। लगातार दूसरी बार कॉलेज में पुष्प प्रदर्शनी लगाई गई है।





No comments:
Post a Comment