भीलवाड़ा. सरकारी स्कूलों में परीक्षाएं खत्म होते ही विद्यार्थियों को अगली कक्षा में अस्थाई रूप से प्रवेश देना होगा। इसके बाद नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन करना होगा। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशक नथमल डिडेल ने निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि यदि एेसा होगा तो विद्यार्थियों का स्कूलों में ठहराव होगा। दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा बुधवार को ही खत्म हुई है। अब गुरुवार से इन विद्यार्थियों को अस्थाई तौर पर कक्षा ११ में प्रवेश दिया जाएगा। और नियमित रूप से पढ़ाई शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों में कक्षा एक से चार, छह, सात, नौ व ११ में अध्यनरत विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षाएं दस से २५ अप्रैल तक होनी है। वहीं माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की ओर से मौजूदा सत्र में कक्षा आठ, दस की बोर्ड परीक्षाएं १४ से २८ मार्च तक आयोजित की है। इस वर्ष कक्षा पांच के विद्यार्थियों के लिए जिला स्तरीय प्राथमिक शिक्षा अधिगम स्तर मूल्यांकन होना है। अब कक्षा पांच के विद्यार्थियों को ११ अप्रैल, कक्षा आठ के २९ मार्च व कक्षा दस के विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रवेश देकर २८ मार्च से कक्षाएं प्रारंभ करनी होगी।
----------------
कक्षा पांच, आठ व दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षाएं खत्म होते ही अगली कक्षा में अस्थाई रूप से प्रवेश देंगे। इसके बाद इनकी पढ़ाई शुरू करा दी जाएगी। दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा खत्म हो चुकी है। एेसे में उन्हें कक्षा ११ में प्रवेश देकर कक्षाएं शुरू करेंगे।
राधेश्याम शर्मा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी





No comments:
Post a Comment