-धूप से मिली सर्दी से राहत
श्रीगंगानगर.
फाल्गुन के दूसरे पखवाड़े में सर्दी की विदाई के संकेत साफ नजर आने लगे हैं। धूप तीखी हो रही है। फाल्गुनी हवा हलकी ठंडक का एहसास करवा रही है लेकिन सर्दी अब लगभग आखिरी जंग लड़ती नजर आ रही है। इलाके में गुरुवार को सुबह दिन की शुरुआत में सर्दी थी लेकिन धूप निकलने के साथ ही सर्दी का असर खत्म होने लगा। सुबह दस बजे तक सूरज के तेवर तीखे नजर आने लगे। धूप निकलने से बाजारों में रौनक रही वहीं लोगों ने ऊनी कपड़ों का उपयोग भी अपेक्षाकृत कम कर दिया है।
मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटे में सर्दी के एक बार पलटवार करने की आशंका जताई है। विभाग का कहना है कि जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बना पश्चिमी विक्षोभ इलाके में असर दिखा सकता है। इसके शुक्रवार तक इलाके में पहुंचने की संभावना है। हालांकि यह ज्यादा मजबूत नहीं है। ऐसे में मौसम पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा लेकिन बादलों से मौसम कुछ सर्द हो सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी एमएल रिणवां ने बताया कि अगले चौबीस घंटे में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम कुछ सर्द होने की संभावना है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ अभी ज्यादा मजबूत नजर नहीं आ रहा है।





No comments:
Post a Comment