Breaking News
recent

फर्जीवाड़े की आंच में झुलस रहे हकदार उपभोक्ता, एकल सदस्य परिवार के गैस कनेक्शन पर रोक

लक्ष्मणसिंह राठौड @ राजसमंद

फर्जी गैस कनेक्शन रोकने के चक्कर में एलपीजी कंपनी ने वास्तविक हकदार एकल सदस्य परिवारों के गैस कनेक्शन पर भी रोक लगा दी है। कई माह से उपभोक्ता एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, मगर आवेदन कंपनी के पास ही अटक कर रह गए हैं। शहर-देहात में सैकड़ों लोगों के आवेदन अटक गए हैं। कतिपय बदमाश प्रवृत्ति के व्यक्ति द्वारा फर्जी तरीके से गैस कनेक्शन लेने का मामला सामने आने के बाद कंपनी ने इस तरह की अनियमितता से बचाव के लिए इस तरह के नए कनेक्शन देने पर ही रोक लगा दी। इसका खमियाजा वास्तविक एकल सदस्य परिवार को भुगतना पड़ रहा है, जिन्हें पिछले पांच से छह छह माह से कनेक्शन नहीं मिल पा रहे हैं। हालांकि इस संबंध में कंपनी द्वारा कोई अधिकृत आदेश जारी नहीं कर रखे, मगर एकल सदस्य परिवारों को कनेक्शन भी नहीं दिए जा रहे हैं। इससे एलपीजी कंपनी की दोहरी नीति खुलकर सामने आ गई, जिससे आमजन में गैसी एजेंसी के साथ एलपीजी कंपनी के विरुद्ध भी असंतोष है। केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों को नि:शुल्क या किश्त पर रसोई गैस कनेक्शन दिए जा रहे हैं। यही नहीं, गरीब, बेसहारा परिवारों को प्राथमिकता से कनेक्श जारी करने की अलग से गाइडलाइन भी जारी कर रखी है और दूसरी तरफ एकल सदस्य परिवार को कनेक्शन जारी करने पर रोक लगा रखी है। इससे गैस एजेंसी के साथ ही एलजीपी कंपनी की भूमिका पर सवाल उठ रहे हंै।

आधा अपडेट की कवायद
फर्जी गैस कनेक्शन रोकने के लिए परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड नम्बर एलपीजी कनेक्शन में अपडेट करने की कवायद शुरू कर दी है। सभी सदस्यों के आधार कार्ड नम्बर अपडेट होने के बाद कोई भी सदस्य अन्य नया कनेक्शन नहीं ले सकेगा। क्योंकि उससे पता चल जाएगा कि उसके परिवार के पास पहले से गैस कनेक्शन उपलब्ध है या नहीं।

जांच के अभाव में अटके आवेदन
गैस एजेंसी के पास एकल सदस्य परिवार का आवेदन आने पर उस परिवार का भौतिक सत्यापन एजेंसी द्वारा कराया जा सकता है। एजेंसी के कार्मिकों की उस क्षेत्र तक पहले से पहुंच हैं, जिससे अधिकृत दस्तावेजों के आधार पर जांच की जा सकती है कि वह एकल परिवार सही है या नहीं। जांच में अगर सही पाया जाए, तो उसे कनेक्शन जारी करने का प्रावधान है।

वास्तविक उपभोक्ता नहीं रहेगा वंचित
फर्जी आवेदक आने की वजह से कंपनी द्वारा इसे रोका है, मगर हर एलजीपी परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड अपडेट करने के लिए एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं। फिर कोई आवेदन आएगा, तो आधार नम्बर से पता चल जाएगा कि उसके परिवार में पहले से कनेक्शन है या नहीं। फिर भी कहीं वास्तविक एकल सदस्य परिवार है, तो ऐसे परिवारों को प्राथमिकता से कनेक्शन दिए जा रहे हैं। इसके लिए एजेंसी संचालक बताते हैं, तो कनेक्शन जारी किए जा हरे हैं।
लीखीराम मीणा, प्रादेशिक विक्रय अधिकारी एलपीजी प्रादेशिक उदयपुर



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.