जालोर. आगामी लोकसभा चुनावों से पूर्व कार्यकर्ताओं को एकजुट कर चुनाव में जीत के समीकरण तय करने को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शनिवार को जालोर आएंगे। जिसके बाद राजीव गांधी भवन में कांगे्रस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से रूबरू होंगे। खास बात यह है कि लोकसभा चुनावों से पहले कांगे्रस जालोर-सिरोही संसदीय क्षेत्र पर विशेष फोकस कर रही है। विधानसभा चुनावों में राज्य में कांगे्रस को सफलता जरुर मिली, लेकिन जालोर और सिरोही जिले कांगे्रस के लिए ज्यादा फायदेमंद साबित नहीं हुए है। लोकसभा चुनावों को लेकर कवायद तेज हो चुकी है और आगामी कुछ दिनों में आचार संहिता भी प्रभावी हो जाएगी। ऐसे में इस दौरे को कई मायने में महत्वपूर्ण माना जा सकता है। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से चर्चा के दौरान जालोर-सिरोही के राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा के साथ यहां के लिए संभावित प्रत्याशी के नाम पर भी मोहर लग सकती है।
प्रत्याशी के नाम पर इस बार खासा फोकस रहेगा
जालोर-सिरोही सीट पर कांगे्रस खासा फोकस कर रही है। इसका मुख्य कारण यह है कि पिछले १५ साल से यह संसदीय क्षेत्र भाजपा के पास है। दस साल से जालोर-सिरोही संसदीय क्षेत्र से भाजपा के सांसद देवजी पटेल हैं। जबकि कांगे्रस के लिए यह सीट माथापच्ची का कारण ही बनी है। इस बार अब तक दोनों ही दलों से प्रत्याशी के रूप में कोई भी चेहरा साफ नहीं है। लेकिन संभव है कि सीएम विजिट के बाद किसी कांग्रेस में किसी एक प्रत्याशी के लिए एक राय बन जाएगी। गौरतलब है कि इस बार कांगे्रस की रायशुमारी में कांगे्रस की एक लंबी सूची सामने आई है, जो सांसद प्रत्याशी के रूप में दावेदारी जता रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री के इस दौरे के बाद यह संभावना है कि प्रत्याशी तय हो जाएगा।
स्टेडियम में हेलीपेड का निरीक्षण
मुख्यमंत्री के दौरे की सूचना के बाद शुक्रवार को पुलिस प्रशासन चौकस नजर आया। दोपहर में अतिरिक्त कलक्टर छगनलाल, एसपी केशरसिंह शेखावत, एएसपी सत्येंद्रपालसिंह ने निरीक्षण किया और आवश्यक जानकारी जुटाई।
अंतर्कलह की स्थिति भी चिंता
जालोर-सिरोही संसदीय क्षेत्र में प्रत्याशी के नाम पर सहमति बनाना भी कांगे्रस के लिए इस बार टेढ़ी खीर बना हुआ है। 28 जनवरी को जालोर में रायशुमारी के दौरान कांगे्रस कार्यकर्ता ही आपस में उलझ गए थे। इस घटनाक्रम में कांगे्रस के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद थे। सीधे तौर पर चुनाव से पहले अपने दल के कार्यकर्ताओं को एकजुट करने, प्रत्याशी के नाम पर सहमति बनाने और अंतर्कलह के हालात से निपटने के नजरिए से भी इस दौरे को मजत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इनका कहना
कार्यकर्ताओं से रूबरू होने के लिए मुख्यमंत्री शनिवार को जालोर आएंगे। यहां कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे।
- डॉ. समरजीतसिंह, जिलाध्यक्ष, कांगे्रस





No comments:
Post a Comment