करौली. इन दिनों बदलते मौसम की मार आमजन पर पड़ रही है। बदलता मौसम लोगों को मर्ज दे रहा है। इससे यहां के सामान्य चिकित्सालय में रोगियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। चिकित्सालय में आउटडोर प्रतिदिन लगभग एक हजार से ऊपर जा रहा है।
वहीं रोगियों की बढ़ती संख्या के चलते चिकित्सालय में व्यवस्थाएं भी चरमरा रही हैं। पिछले कुछ दिनों से मौसम में बदलाव आया है। सुबह-शाम में सर्दी और दिन में तेज धूप निकल रही है। इसके चलते अधिकांश लोगों ने गर्म पकड़े पहनना लगभग बंद कर दिया है।
दिन में तो तेज धूप के चलते हल्की गर्मी का अहसास होने लगा है। वही शाम ढलते ही मौसम में बदलाव आता है और सर्दी हो जाती है। इसके बाद सुबह के समय भी सर्दी का अहसास बना रहता है। इस दौर के बीच घरों में पंखें भी चलने लगे हैं। इससे लोग बीमारी की चपेट में आ रहे हैं।
इन दिनों शादी-विवाहों का भी दौर चल रहा है। इनमें लगातार तरल पदार्थ के खानपान से भी स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ रहा है।
इन रोगों के बढ़े रोगी
इन दिनों विशेष रूप से जुखाम, खांसी, बुखार और एलर्जी के रोगियों की संख्या बढ़ी हुई है। इससे चिकित्सालय का आउटडोर और इनडोर बढ़ गया है।
भर्ती रोगियों की संख्या में भी इजाफा होने से चिकित्सालय प्रशासन को पलंगों की अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ती है। 225 पलंगों के सामान्य चिकित्सालय दो जगह संचालित है। एमसीएच यूनिट नए भवन में संचालित है, जिसमें 100 पलंग आवंटित किए हैं, जबकि चिकित्सालय के पुराने भवन में 125 पलंग है। जबकि चिकित्सालय में 125 पलंगों के मुकाबले कई दिन अधिक रोगी पहुंच रहे हैं।
दिनांक आउटडोर इनडोर
4 मार्च 693 75
5 मार्च 1213 86
6 मार्च 1165 97
7 मार्च 1021 87
8 मार्च 997 87
9 मार्च 1051 131
10 मार्च 751 136
रहें सजग
बदलते मौसम में स्वस्थ्य रहने के लिए सजग रहना जरुरी है। इन दिनों मौसम में बदलाव से लोग जुखाम, खांसी, बुखार की चपेट में आ रहे हैं। अभी सुबह-शाम के समय ठण्ड रहती है, जिससे लोगों को बचाव करना चाहिए। वहीं एलर्जी से बचाव के लिए धूल-मिट्टी से मुंह पर कपड़ा बांधकर रखा जाए।
डॉ. लखनलाल मीना, फिजिशियन, सामान्य चिकित्सालय





No comments:
Post a Comment