जालोर. बागरा थाना क्षेत्र के देवाड़ा गांव में चोरी-चुपके अफीम की खेती करने वाला आरोपी भी चुपके से कहीं खिसक गया। पुलिस उसके खेतों में तलाश कर डोडा-पोस्त के पौधे समेट ले आई, लेकिन आरोपी पहले ही फरार हो चुका था। अब पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। जालोर जिले में अपनी तरह का यह पहला मामला सामने आया है और एक साथ ही तीन गांवों में अफीम की खेती का राजफाश किया गया। इसके तहत बागरा थाना क्षेत्र में चार व भीनमाल-रामसीन में एक-एक प्रकरण दर्ज किया गया। हालांकि भीनमाल-रामसीन थाना क्षेत्रों में दर्ज किए मामलों में दोनों ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं, लेकिन बागरा थाना क्षेत्र का आरोपी गिरफ्त से दूर ही है। ज्ञातव्य है कि बागरा थाना क्षेत्र के देवाड़ा गांव में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अफीम की खेती पकड़ी है। कार्रवाई में करीब ४० हजार पौधे एवं १५० किलो गीले व सूखे डोडे बरामद किए। उधर, भीनमाल के घासेड़ी व रामसीन क्षेत्र के कोटकास्ता में भी कार्रवाई की गई।
आरोपी की तलाश कर रहे हैं
थानाधिकारी पदमपाल सिंह ने बताया कि अवैध रूप से अफीम की खेती करने के मामले में कार्रवाई करते हुए कुल चार प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में आकोली निवासी कुइयाराम प्रजापत को नामजद किया है, जो फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के बाद अन्य कई तथ्य सामने आएंगे तथा इसमें शामिल अन्य आरोपियों के बारे में भी खुलासा हो सकेगा। आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। टीमें विभिन्न जगह दबिश दे रही है।
jalore:::: https://goo.gl/iMx3Wo::: खेत में लहलहाते रहे अफीम के पौधे
दो कृषि कुओं से 15,200 पौधे बरामद
भीनमाल/रामसीन. भीनमाल व रामसीन पुलिस ने गुरुवार को संयुक्त कार्रवाई कर कोटकास्ता गांव में दो कृषि बेरों पर बिना अनुज्ञा पत्र व परमीट के डोडा पोस्त की खेती करने पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खेत पर उगाए 15 हजार 200 पौधे बरामद किए। बरामद पौधों की बाजार कीमत करीब एक करोड़ 52 लाख रुपए आंकी जा रही है।
भीनमाल थानाधिकारी देवेन्द्रसिंह कच्छवाह ने घासेड़ी निवासी बाबूलाल पुत्र सोनाराम पुरोहित के कृषि बेरे पर दबिश देकर खेत पर उगाए गए डोडा पोस्त के 7 हजार पौधे बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया। इस दौरान एएसआई फगलूराम, हैडकांस्टेबल तेजाराम, शहजाद खां व कांस्टेबल भरतकुमार मौजूद थे। उधर, रामसीन थानाधिकारी छतरसिंह देवड़ा ने बताया कि कोटकास्ता निवासी रमेशपुरी पुत्र पूरणपुरी गोस्वामी के कृषि कुएं पर दबिश देकर डोडा पोस्त के 8000 पौधे बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने जीरे की खेती के बीच डोडा पोस्त की बुवाई कर रखी थी। बरामद पौधों की बाजार कीमत करीब 80 लाख रुपए आंकी गई है। इस दौरान हैड कांस्टेबल प्रेमसिंह, नरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल रामनिवास विश्नोई, मयंगाराम, भजनलाल, राकेश कुमार, श्रवणकुमार, गोविंदराम, इन्दू मौजूद रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।





No comments:
Post a Comment