Breaking News
recent

शाही समारोह से निकाला तो पूरे कस्बे में फैलाई दशहत, धारदार हथियार से दुकानदारों को डराया, मचा हड़कम्प..

सांगोद. कानून व्यवस्था को धत्ता बताते हुए शनिवार दोपहर बाद यहां करीब एक दर्जन से अधिक बाइक सवार युवकों ने सरेबाजार धारदार हथियार लहराकर दहशत फैला दी। युवकों ने करीब ढाई बजे बाद मुख्य गांधी चौराहे पर बीच रास्ते बाइक खड़ी करके करीब पांच मिनट तक अभद्र भाषा का उपयोग किया तथा जोर-जोर से चिल्लाते हुए हथियारों को सड़क पर फटकारते रहे। ऐसे में राहगीर व दुकानदार दहशत में आ गए। कुछ लोग शोर सुनकर दुकानों से बाहर निकल आए। कई लोग डरे-सहमे दुकानों में घुस गए। बाद में युवक हथियार लहराते हुए मुख्य मार्गो पर तेज गति से बाइक दौड़ाते रहे। करीब बीस मिनट तक इस तरह हंगामा करते रहे। जहां से भी युवक गुजरे वहां काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों को माजरा समझ में नहीं आया। लोग एक-दूसरे से इन युवकों व मामले की जानकारी लेते नजर आए।

नहीं हुई पहचान

दिन दहाड़े सरेबाजार हुई इस घटना ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। करीब पन्द्रह मिनट तक यह युवक कस्बे में इसी तरह करीब पन्द्रह मिनट बाइक दौड़ाते रहे। इस दौरान कोई पुलिसकर्मी यहां नजर नहीं आया। युवक जब बपावर रोड की तरफ से कस्बे से बाहर निकले तब पुलिस चौराहे पर पहुंची और युवकों का पीछा किया। पुलिस की गाडिय़ां भी दौड़ी लेकिन शाम तक भी पुलिस इन्हें पकडऩा तो दूर इन युवकों की पहचान तक नहीं कर पाई।


यहां से शुरू हुआ मामला

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार रात यहां एक शादी समारोह के दौरान कुछ युवक शराब के नशे में पहुंचे तो आयोजकों ने उन्हें बाहर निकाल दिया। बाद में युवक गायत्री चौराहा पर पहुंच गए तथा सरेआम शराब पीते हुए यहां से गुजर रहे लोगों से गाली गलौंज करने लगे। कुछ स्थानीय युवकों ने इन्हें रोका-टोका तो उस समय तो ये चले गए, लेकिन शनिवार दोपहर उन्हें डराने के लिए इन युवकों ने हंगामा किया।

नहीं हुआ मामला दर्ज

शादी समारोह के दौरान कुछ युवकों में झगड़ा हो गया था। जिस बात को लेकर यह युवक डराने की नियत से यहां पहुंचे थे। इनकी तलाश की जा रही है। दोनों घटनाओं में फिलहाल कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।

पन्नालाल जांगिड़, थानाधिकारी सांगोद



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.