Breaking News
recent

युवती के फांसी लगाने के बाद युवक पर लगे आरोप तो जहर खाकर दे दी जान

-युवती ने सुसाइट नोट में लिखा कि वह ससुराल नहीं जाना चाहती
चित्तौडग़ढ़. जिले में शनिवार को चंदेरिया थानान्तर्गत घोसुण्डा गांव में सुबह एक युवती खाना बनाते-बनाते कमरे में पहुंचकर फंदे पर लटक गई। पुलिस को उसके पास से सुसाइट नोट मिला जिसमें स्वेच्छा से यह कदम उठाने की बात कही गई लेकिन मृतका के भाई ने गांव के ही एक युवक पर आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दी तो उस युवक ने भी विषाक्त सेवन कर लिया, जिसकी उदयपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। गांव में एक ही दिन में दो मौतों ने लोगों को हिला दिया एवं घोसुण्डा में माहौल गमगीन हो गया।
घोसुण्डा में रहने वाले बाबूनाथ की बीस वर्षीय पुत्री चंदानाथ का विवाह बस्सी क्षेत्र के फागनिया निवासी महेन्द्रनाथ के साथ हुआ था। चंदा करीब छह माह से घोसुण्डा स्थित अपने पीहर में रहकर पढाई कर रही थी। शनिवार को सुबह रोटी बनाते समय एकाएक कमरे में गई और फंदे पर लटक गई। मृतका के भाई निर्भयनाथ ने चंदेरिया थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि शनिवार को सुबह करीब आठ-नौ बजे के बीच उसने अपना मोबाइल कमरे में चार्जर पर लगा रखा था। वह मोबाइल लेने कमरे में गया तो दरवाजा बंद था और बाहर बहन चंदा रोटी बना रही थी, वह भी नजर नहीं आई। आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला तो कमरे का दरवाजा तोड़कर देखा, जहां चंदा फंदे पर लटकी हुई थी। उसे फंदे से उतारकर परिजन घोसुण्डा स्थित अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर चंदेरिया पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव का यहां सांवलियाजी अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया गया कि प्रार्थी को चंदा ने चार-पांच दिन पहले बताया कि गांव का ही भूपेन्द्र पुत्र अरूण नायक उसे परेशान कर रहा है। वह ससुराल आकर भी परेशान करता था और पति, मुझे और भाई को मारने की धमकी देता था। शुक्रवार रात को भी देशी कट्टा दिखाकर उसने चंदा को डराया-धमकाया था। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भूपेन्द्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज कर लिया।
भूपेन्द्र ने भी विषाक्त खाकर दी जान
इधर चंदा के आत्महत्या करने के बाद परिजन उसका शव लेकर चित्तौड़ पहुंचे तो भूपेन्द्र भी यहां आ गया था। वह गांधी नगर क्षेत्र स्थित भगतसिंह पार्क चला गया था। ऐसा माना जा रहा कि भूपेन्द्र को उस पर आरोप लगाने की बात मालूम चली तो उसने पार्क में ही विषाक्त सेवन कर लिया। बाद में अचेतावस्था में उसे सांवलियाजी अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीरावस्था में उसे उदयपुर रैफर किया गया। उदयपुर ले जाते समय मंगलवाड़ के निकट उसने दम तोड़ दिया। वह पुलिस को बयान नहीं दे पाया।
सुसाइट नोट में लिखा, नहीं जाना चाहती ससुराल
सूत्रों ने बताया कि चंदा के पास से पुलिस को सुसाइट नोट मिला है, जिसमें उसने लिखा है कि वह अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रही है, उसके माता-पिता व परिजनों को परेशान नहीं किया जाए। उसने लिखा कि मेरी शादी तो हो गई, लेकिन ससुराल नहीं जाना चाहती। सुसाइट नोट पर दो जगह उसने हस्ताक्षर भी किए है। सुसाइट नोट में कहीं भी भूपेन्द्र के नाम का जिक्र नहीं है। मामले की जांच पुलिस उप अधीक्षक चित्तौडग़ढ़ ऋषिकेश मीणा कर रहे हैं।

 



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.