Breaking News
recent

वनडे प्रीव्‍यू : बुमराह को नहीं मिलेगा भुवनेश्‍वर का साथ, फिर मुश्किल में पड़ सकती है टीम इंडिया

हैदराबाद : भारत और आस्ट्रेलिया के बीच शनिवार से 5 मैचों की एकदिवसीय सीरीज शुरू हो रही है। पहला एकदिवसीय मैच हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्‍ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। यह सीरीज भारत के लिए काफी अहम है, क्योंकि 30 मई से इंग्लैंड में शुरू हो रहे एकदिवसीय विश्‍व कप से पहले यह भारत की आखिरी एकदिवसीय है। हालांकि इसके बाद भारत के प्‍लेयर आइपीएल में लगातार खेलते नजर आएंगे, लेकिन वह टी-20 फॉर्मेट में खेला जाता है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस सीरीज में आस्‍ट्रेलिया बढ़े मनोबल के साथ उतर रहा है। इससे पहले खेली गई 2 मैचों के टी-20 सीरीज में वह भारत का सूपड़ा साफ कर मैदान में उतर रहा है।

तैयारी को मापने का अंतिम मौका
विश्व कप से पहले हो रहा यह एकदिवसीय सीरीज भारत के लिए एक तरह से अग्नि परीक्षा है। इसके जरिये विश्‍व कप के लिए भारतीय प्‍लेयर्स का नाम भी फाइनल होगा। हालांकि क्रिकेट विश्‍व कप के लिए भारतीय टीम लगभग तय है, लेकिन दो-तीन स्‍थानों के लिए जो संशय बना हुआ है, इसी सीरीज के जरिये वह फाइनल होना है। इसके लिए खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर चयनकर्ताओं की बारीक नजर रहेगी।

टी-20 सीरीज में गेंदबाजी बनी थी परेशानी का कारण
टी-20 सीरीज में भारत को आखिरी ओवरों में एक अच्‍छे गेंदबाज की काफी कमी खली थी। इसकी एक वजह यह थी कि भारत के तेज गेंदबाज और डेथ ओवर स्‍पेशलिस्‍ट भुवनेश्‍वर कुमार को आराम दिया गया था। हालांकि एकदिवसीय सीरीज से भी उन्‍हें आराम दिया गया है, लेकिन मोहम्‍मद शमी की वापसी इस सीरीज के लिए हो रही है। भारतीय पिचों पर डेथ ओवरों में वह बुमराह का कितना साथ निभाते हैं, यह देखना होगा। इन दोनों के अलावा तेज गेंदबाजी में भारत के पास सिद्धार्थ कौल भी मौजूद हैं, लेकिन दूसरे टी-20 मैच में वह बुरी तरह विफल रहे थे।

चोटिल पांडया के न रहने से संतुलन पर पड़ रहा है असर
टी-20 सीरीज से पहले ही टीम इंडिया के स्‍टार हरफलमौला हार्दिक पांड्या चोटिल हो गए थे। उनकी जगह विजय शंकर का खेलना तय है। बल्‍लेबाजी में तो उन्‍होंने ठीक-ठाक प्रदर्शन किया है, लेकिन गेंदबाजी में ओवर की लगातार छह गेंदें वह सटीक नहीं डाल पाते हैं। इस वजह से टीम इंडिया के जीत का दारोमदार स्पिनरों पर भी होगा। इस बात की पूरी संभावना है कि पहले वनडे में भारत अपने कलाई के दोनों स्पिनरों युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव के साथ उतरे।

शीर्षक्रम में लोकेश को मिल सकता है मौका
भारत का शीर्षक्रम अभी तक लगातार चला है। रोहित, शिखर और विराट का बल्‍ला जमकर बोल रहा है। खेले गए टी-20 सीरीज के दोनों मैच में उनका बल्‍ले ने भी आग उगला है। इसलिए यह उम्‍मीद है कि धवन और रोहित में से किसी एक को आराम देकर राहुल को पहले वनडे में एक बार फिर मौका दिया जाए। ऐसा इसलिए भी संभव है कि विश्‍व कप के लिए एक स्‍थान जिसके लिए चयन समिति माथापच्‍ची कर रही है, वह है कि विश्‍व कप में तीसरा ओपनर कौन होगा।

धोनी की गैरमौजूदगी में पंत का खेलना तय
खबर आ रही है कि प्रैक्टिस सेशन के दौरान महेंद्र सिंह धोनी चोटिल हो गए हैं। इसलिए ऋषभ पंत का खेलना तय है। इसके अलावा मध्यक्रम में केदार जाधव, अंबाती रायडू और विजय शंकर होंगे। विश्‍व कप के लिहाज से भी धोनी के अलावा दूसरे विकेट कीपर का भी चयन होना है और पंत मिले मौके का फायदा उठाकर इस महाकुंभ के लिए अपनी जगह पक्‍की करनी चाहेंगे। इसकी एक वजह यह है कि दिनेश कार्तिक वनडे में मिले मौकों का ज्‍यादा फायदा नहीं उठा पाए हैं।

आस्‍ट्रेलिया के लिए कप्‍तान का फॉर्म में न होना चिंता का कारण
आस्ट्रेलिया की बात की जाए तो उसके लिए कप्तान एरॉन फिंच का फॉर्म में न होना चिंता का सबब बना हुआ है। हाल ही में भारत ने आस्ट्रेलिया का दौरा किया था। तब से लेकर अब तक फिंच का बल्ला खामोश है। बीते 10 वनडे में वह सिर्फ 225 रन बना सके हैंद्ध लेकिन ग्‍लेन मैक्सवेल जिस तरह की तूफानी फॉर्म में हैं, वह अकेले अपने दम पर मैच का पासा पलट सकते हैं। टी-20 सीरीज के पहले मैच में उन्‍होंने अर्धशतक तो दूसरे मैच में नाबाद शतक जमाकर टीम को जीत दिलाई थी। इसके अलावा क्रिकेट के शॉर्टर फॉर्म के लिए उनके पास विकेट कीपर बल्‍लेबाज एलेक्स कैरी, उस्मान ख्वाजा, पीटर हैंड्सकॉम्ब, शॉन मार्श जैसे अच्छे बल्लेबाज भी मौजूद हैं। मार्क स्टोइनिस जैसा हरफनमौला भी उनके पास है, जो दिन विशेष पर अकेले अपने दम पर मैच का पासा पलटने का दम रखते हैं, हालांकि टी-20 सीरीज में वह नहीं चल पाए थे।

गेंदबाजी भी है संतुलित
तेज गेंदबाजी के लिए आस्‍ट्रेलिया पैट कमिंस, झाए रिचर्डसन, एंड्रयू टाई और नाथन कूल्टर नाइल पर निर्भर करेगी। केन रिचर्डसन चोटिल होकर हालांकि वापस चले गए हैं, इसके बावजूद आस्‍ट्रेलिया का तेज गेंदबाजी डिपार्टमेंट काफी खतरनाक है। उसके पास एडम जाम्पा और एश्टन टर्नर के रूप में दो स्पिनर भी हैं, लेकिन टी-20 में ये दोनों ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे। मध्य ओवरों में विकेट निकाल कर देने की जिम्‍मेदारी इन्‍हीं दोनों के कंधों पर होगी।

टीमें (संभावित) :
भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, लोकेश राहुल, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), केदार जाधव, अंबाती रायडू, विजय शंकर, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, सिद्धार्थ कौल, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह।

आस्ट्रेलिया : एरॉन फिंच (कप्तान), जेसन बेहरनडॉर्फ, एलेक्स कैरी, नाथन कूल्टर नाइल, पैट कमिंस, पीटर हैंड्सकॉम्ब, उस्मान ख्वाजा, नाथन लॉयन, शॉन मार्श, ग्लेन मैक्सेवल, झाए रिचर्डसन, केन रिचर्डसन, मार्कस स्टोइनिस, एश्टन टर्नर, एडम जाम्पा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.