Breaking News
recent

सोमवार को घोषित हो सकता है पूरा आइपीएल शेड्यूल, सीओए की बैठक में आइसीसी चेयरमैन भी होंगे मौजूद

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) 18 मार्च को पूरे आइपीएल का कार्यक्रम घोषित कर सकता है। इसकी जानकारी बीसीसीआइ के एक अधिकारी ने दी। बता दें कि आइपीएल 23 मार्च से शुरू हो रहा है। बीसीसीआइ ने पहले इसका पूरा शेड्यूल जारी नहीं किया था। सिर्फ 5 अप्रैल तक के शेड्यूल की जानकारी दी थी। वह लोकसभा 2019 के कार्यक्रम की घोषणा होने का इंतजार कर रहा था, ताकि आइपीएल की तिथि और लोकसभा चुनाव की तारीखों में टकराव न हो। अब चूंकि लोकसभा चुनाव की तारीख की घोषणा हो चुकी है तो यह उम्मीद है कि सोमवार को बीसीसीआइ की होने वाली बैठक के बाद आइपीएल का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया जाए।

आइसीसी चेयरमैन भी रहेंगे मौजूद
सोमवार की बैठक में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आइसीसी) के चेयरमैन शशांक मनोहर भी मौजूद होंगे। वह सीओए से बीसीसीआइ एवं विश्व डोपिंग रोधी संस्था (वाडा) के बीच चल रहे विवाद पर बातचीत करेंगे। बता दें कि आइसीसी जहां वाडा के नियमों का पूरी तरह पालन करने के लिए तैयार है, वहीं बीसीसीआइ पूरी तरह उन शर्तों को मानने के लिए तैयार नहीं है।

ओलंपिक में क्रिकेट को शामिल करने की कोशिश
आइसीसी के सीईओ डेविड रिचर्डसन ने बीसीसीआइ से पहले भी कहा था कि वह वाडा और नाडा के साथ इस विवाद को सुलझा लें और वह इसमें बीसीसीआइ की मदद कर रहें हैं। उनका मानना है कि 2028 के ओलम्पिक में क्रिकेट को भी होना चाहिए, लेकिन यह तब तक नहीं होगा, जब तक हम एकजुट नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि अभी हमें बीसीसीआइ को यह समझाने की जरूरत है कि क्रिकेट का ओलंपिक होना सही है।

बीसीसीआइ तैयार नहीं
आइसीसी मुख्य कार्यकारी बैठक में भी इस मुद्दे पर बात हुई थी। उस बैठक में बीसीसीआई अधिकारियों ने यह स्पष्ट कर दिया था कि वाडा को अलग परीक्षण एजेंसी का नाम देना होगा, क्योंकि हाल में हुई कई गलतियों के कारण वह नाडा पर भरोसा नहीं कर सकते।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.