दौसा. सिकंदरा थाना इलाके में सिकंदरा- बहरावण्डा मार्ग पर गांगदवाड़ी गांव के समीप शुक्रवार दोपहर सवारियों से भरी एक मिनी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटने से करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने मशक्कत कर पलटी हुई बस से सवारियों को बाहर निकाला तथा 108 एंबुलेंस से सभी घायलों को सिकंदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाकर भर्ती कराया। जहां से दस लोगों को गंभीरावस्था में जिला अस्पताल रैफर किया है। घटना के बाद पुलिस ने मिनी बस को जब्त कर लिया है। ग्रामीणों ने बताया कि ओवरलोड सवारियों से भरी यह बस बहरावंडा से सिकंदरा आ रही थी। इसी बीच अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।
खम्भा गिरा हादसा टला
नांगल राजावतान. ग्राम पचायत चूडिय़ावास मुख्यालय पर विद्युत पोल अचानक गिर गया। हालांकि इस दौरान कोई नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणो ने बताया कि 11 हजार केवी लाइन के तार का करंट पोल मे उतरने से जमीन मे आग जलने लगी। इससे पोल गिर गया। पोल गिरते समय आस पास कोई नही होने से एक बड़ा हादसा टल गया। करंट से नीम का एक पेड़ झुलस गया। ग्रामीणो ने सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई।
11 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे
मण्डावर. कस्बे में विद्युत निगम द्वारा जारी अभियान में विभाग ने गुरुवार को कार्रवाही करते हुए बकाया भुगतान वालों के कनेक्शन काट कर उपभोक्ताओं से बकाया राशि वसूली। कनिष्ठ अभियंता जगदीश मीना ने बताया कि विभाग ने कार्रवाही करते हुए 7 उपभोक्ताओं से बकाया राशि के एक लाख तीस हजार वसूले। दो लाख तैतीस हजार रुपए के बकाया चल रहे ग्यारह उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए।
फरार आरोपित गिरफ्तार
मेहंदीपुर बालाजी. एक प्रकरण में फरार चल रही एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि दो साल पुराने प्रकरण में करौली जिले के सूरौठ थाना क्षेत्र निवासी राधा को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी सीमा सिनसिनवार ने बताया कि आरोपित के खिलाफ न्यायालय ने स्थाई वारंट भी जारी किया हुआ था।





No comments:
Post a Comment