Breaking News
recent

कंधों से उतरा ढोल, बैग लेकर रोहित चला स्कूल

नोखा. मासूम रोहित के लिए बुधवार की सुबह नए सवेरे की तरह थी। वह रोजाना की तरह सुबह 9 बजे घर से निकला, लेकिन आज उसके कंधे पर वजनी ढोल की जगह स्कूली बैग था। अब वह घर से ढोल बजाकर पैसे मांगने के लिए नहीं, बल्कि इंग्लिश मीडियम स्कूल में शिक्षा ग्रहण करने के लिए निकला था। रोहित वही मासूम बच्चा है, जो मंगलवार को नोखा में कलक्टर की नजरों में आ गया था। कलक्टर के प्रयास से अब रोहित की जिदंगी में भी शिक्षा का उजियारा होगा। वह सैकड़ों अनपढ़, ढोल बजाने वाले, होटल-चाय की दुकानों पर कफ-बर्तन धोने सहित झाड़ू-पौंछा करने वाले मासूम बच्चों के लिए एक अनूठा उदाहरण होगा। गौरतलब है कि मंगलवार को कलक्टर कुमारपाल गौतम नोखा पंचायत समिति, तहसील कार्यालय व थाने का वार्षिक निरीक्षण करने आए थे। वे एसडीएम ऑफिस में बैठकर जनसुनवाई कर रहे थे, इसी दौरान एक नौ वर्षीय मासूम रोहित उनको देखने के लिए अंदर आ गया था। उसके कंधे पर ढोल लटका देखा, तो कलक्टर ने उसको पास बुलाकर पहले कंधे से ढोल उतारा और बाद में उससे बातचीत कर परिवार की जानकारी ली।

 

 

 

कलक्टर ने रोहित को पढ़ाने के लिए अच्छी निजी स्कूल में उसका दाखिला कराने की बात कही। सीबीईओ को बुलाकर बातचीत कर रहे थे, इसी वक्त संस्कार इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के चेयरमैन बाबूलाल लाहोटी वहां पहुंच गए। पूरे मामले को सुनने के बाद उन्होंने कलक्टर के सामने जाकर कहा कि इस मासूम बच्चे को वे अपनी स्कूल में पढ़ाएंगे और १२ वीं तक इस बच्चे की शिक्षा का सारा खर्च स्कूल वहन करेगा।

 

 


एकस्ट्रा क्लास व टीचर की व्यवस्था

संस्कार इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के चेयरमैन बाबूलाल लाहोटी ने बताया कि रोहित पहले दिन स्कूल में आया, तो बड़ा खुश दिखाई दे रहा था। उसका एडमिशन करने के साथ ही पाठ्य सामग्री दी गई। स्कूल की छुट्टी होने के बाद उसे स्कूल वैन से घर भेजा गया। वहीं स्कूल में रोहित का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रिसींपल सहित स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं। रोहित को घर से स्कूल लाने-ले जाने के लिए रोजाना स्कूल वैन जाएगी। उसकी उम्र के हिसाब से कक्षा में प्रवेश देने के लिए एक्स्ट्रा मेहनत कराई जाएगी, इसके लिए एक्सट्रा क्लास व टीचर की व्यवस्था भी की गई है।

 

 

चाय के कफ नहीं धोऊंगा, मैं भी जाऊंगा स्कूल...
अपने छोटे भाई रोहित को स्कूल जाते देखा, तो बड़ा भाई विशाल भी होटल पर चाय के कफ नहीं धोकर स्कूल में जाने की जिद्द करने लगा है। उसका भी स्कूल में प्रवेश कराने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। बुधवार को छात्र नेता मगनाराम केड़ली ने पहले अपने साथ ले जाकर रोहित का स्कूल में दाखिला कराया। बाद में विशाल का स्कूल में दाखिला कराने के लिए जरूरी कागजात तैयार कराए गए और संबंधित अधिकारियों से भी बातचीत की गई। अब विशाल का भी निजी स्कूल में एडमिशन कराने की प्रकिया शुरू कर दी गई है। साथ ही ऐसे बच्चों की तलाश कर उनका भी स्कूलों में दाखिला कराने के लिए कुछ लोगों द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।

 

 

 

बस्ती में आज लगाएंगे जागरूकता शिविर

सीबीईओ सलीम ने बताया कि नोखा वेयर हाउस के पास स्थित भांड बस्ती में गुरुवार को जागरूकता शिविर लगाया जाएगा। शिविर में बस्ती में रहने वाले बच्चों को स्कूल भेजने के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही वहां पर आरटीई के तहत स्कूल प्रवेश फॉर्म भरवाए जाएंगे। शिविर में एसडीएम रमेश देव, बीडीओ साजिया तब्बसुम सहित संबंधित अधिकारी व कार्मिक मौजूद रहेंगे।

 



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.