पलसाना.
रानोली इलाके में शनिवार सुबह एक युवक की पेड़ से बांधकर पीट-पीट कर हत्या कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक की हत्या होने के बाद परिजनों ने उसका शव नहीं उठाया और हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। इसके बाद पुलिस की समझाइश पर वे मान गए। मृतक के शव का पोस्टमार्टम रविवार को परिजनों की मौजूदगी में करवाया जाएगा। पुलिस के अनुसार मृतक रूपपुरा निवासी बनवारीलाल था। जो शुक्रवार को परिवार में शादी होने के कारण उदयपुरा बारात में गया हुआ था और देर वापस अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि वह रात करीब तीन बजे इलाके के गांव के एक घर में घुस गया और कच्चे छप्पर में अकेली सो रही एक महिला के साथ अभ्रदता करने लगा। इस पर महिला ने उसका विरोध कर उसे वहां से भगा दिया था। इसके बाद महिला ने कुछ दूर खेत में बने मुर्गी फार्म में सो रहे अपने पति को घटना की जानकारी दी। इसके बाद सुबह छह बजे महिला का पति बाइक लेकर बनवारी के घर पहुंच गया और उसे बाइक पर अपने साथ बैठाकर घर ले आया। यहां लाकर उसने बनवारी को छप्पर के सामने ही एक पेड़ से बांध दिया और अपनी पत्नी एवं परिवार के लोगों के साथ मिलकर उसको पीट दिया। घटना में बनवारी गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद बेहोश होने पर बीरबल ने इसकी सूचना बनवारी के भाई रामदेव को दी। घायल अवस्था में बनवारी को ले जाया गया। इसकी सूचना रानोली पुलिस को देने पर थानाधिकारी पवन चौबे मौके पर पहुंचे। लेकिन, तब तक बनवारी की मौत हो चुकी थी।
नहीं उठाया शव
पीटने के बाद बनवारी की मौत हो जाने के बाद उसके परिजनों ने शव लेने से मना कर दिया। प्रदर्शन कर हत्या का आरोप लगाते हुए घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़ गए। समझाइश के लिए सीओ ग्रामीण कमल सिंह मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से समझाइस की। इसके बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया तो परिजन मान गए। घटना के बाद एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।
मातम में बदली खुशियां
बनवारी की मौत के बाद घर में मातम छा गया। मृतक के चाचा की पोतियों की शादी होने के कारण खुशियां मातम में बदल गई। शादी शनिवार को ही होने के कारण परिजनों ने कहा कि शादी का काम निपटाने के बाद रविवार को बनवारी का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इस पर मृतक का शव एसके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मामला
मृतक के भाई रामदेव ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। महिला व उसके पति, उसके भाई व उसकी पत्नी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग रखी है। इधर, पुलिस ने चारों को थाने में बुलाकर पूछताछ की है।





No comments:
Post a Comment