नई दिल्ली : आस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार दो मैचों में टीम इंडिया की मजबूत गेंदबाजी आक्रामण की कलई खुलती दिखी। पहले रांची में आस्ट्रेलिया ने 300 से ज्यादा रन बनाए और उसके बाद चौथे एकिदवसीय मैच में भुवनेश्वर, बुमराह, कुलदीप, चहल जैसे दिग्गज गेंदबाजों के सामने आस्ट्रेलिया ने 359 रन का विशाल लक्ष्य 13 गेंद पहले ही आसानी से हासिल कर लिया। इससे चिंतित टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच भरत अरुण ने मंगलवार को कहा कि आस्ट्रेलिया के साथ पिछले मैच की हार ने टीम इंडिया को सही समय पर चेता दिया है। उन्होंने कहा कि यह अच्छा हुआ कि विश्व कप जैसे अहम टूर्नामेंट में जाने से पहले टीम को कहां सुधार करने की जरूरत है, यह पता चल गया।
कहा- ओस की भूमिका थी अहम
भारत और आस्ट्रेलिया पांच मैचों की सीरीज में 2-2 से बराबरी के साथ बुधवार को सीरीज का निर्णायक मुकाबला नई दिल्ली के फिरोज शाह कोटला मैदान पर खेलेगा। इससे एक दिन पहले संवाददाता सम्मेलन में भरत ने कहा कि अगर आप हमारे गेंदबाजों की सफलता का प्रतिशत देखेंगे तो यह 75 फीसदी तक रहा है। कभी-कभार ऐसी चीजें होती हैं, लेकिन वह इस बात से खुश हैं कि यह इस समय हुआ, जिससे हमें पता चला कि विश्व कप से पहले कहां काम करने की जरूरत है।
एश्टन की तारीफ की
पिछले मैच में 43 गेंदों पर 84 रनों की पारी खेल कर आस्ट्रेलिया को जीत दिलाने वाले एश्टन टर्नर का तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें श्रेय देना होगा। इसके अलावा ओस ने भी बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने यह भी कहा कि लेकिन वह बहाने बनाने की कोशिश नहीं कर रहे हैं। सच मायने में हमने उस तरह से गेंदबाजी नहीं की जिस तरह से रणनीति बनाई थी। हम मजबूती से वापसी करेंगे।
पंत का किया बचाव
सीरीज के आखिरी दो मैचों के लिए अनुभवी विकेट कीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी की जगह ऋषभ पंत को मौका दिया गया है। बीते मैच में पंत ने कई अहम मौके गंवाए थे। टीम इंडिया की हार का यह भी एक बड़ा कारण था। इस वजह से उनकी काफी आलोचना हो रही है। इस पर भरत ने पंत का बचाव करते हुए कहा कि उनकी तुलना दिग्गज धोनी से करना ठीक नहीं है। धोनी बड़े खिलाड़ी हैं। वह महान खिलाड़ी हैं। उनका टीम पर काफी प्रभाव रहा है।
विश्व कप की टीम लगभग तैयार है
अरुण ने कहा कि विश्व कप से पहले हम अलग-अलग तरह का संयोजन तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं। यह जरूरी नहीं कि यही संयोजन विश्व कप में खेले। इस मामले को लेकर हम काफी सतर्क हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 30 मई से इंग्लैंड में शुरू हो रहे वनडे विश्व कप से पहले टीम संयोजन लगभग तैयार है।
शंकर और केदार की प्रशंसा की
इसके अलावा अरुण ने केदार जाधव और विजय शंकर की भी खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि विजय ने काफी आत्मविश्वास हासिल कर लिया है। वह शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। चाहे उन्हें किसी नंबर पर उतार दीजिए- नंबर चार, छह पर या फिर सात पर। बल्लेबाजी में मिले आत्मविश्वास का असर उनकी गेंदबाजी पर भी अब दिख रहा है। वह 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे हैं और आत्मविश्वास से भरपूर लग रहे हैं। साथ ही केदार ने भी कई मौकों पर अच्छा काम किया है। अरुण ने यह भी कहा कि इसके बावजूद उन्होंने अपने मुख्य गेंदबाजों से कह दिया है कि अगर आप जाधव को गेंदबाजी पर नहीं आने देते हो, तो इसका मतलब है कि आपने अच्छा काम किया है।





No comments:
Post a Comment