अलवर. अलवर जिले के किशनगढ़बास में छात्रावास की बालिका से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस गहनता से जांच कर रही है। जिस बालिका से छेड़छाड़ हुई, उसके पिता गुरुवार को छात्रावास पहुंचे। बालिका के पिता अपनी बालिका को घर ले जाने आए। उन्होंने कहा कि वे छात्रावास की पढाई व माहौल से संतुष्ट नहीं है। इसलिए वे अपनी बालिका को वापस ले जाने के लिए आए हैं। बालिका के पिता ने कहा कि यहां पर पढ़ाई नहीं होती, अब बोर्ड की परीक्षा है। उन्होंने कहा कि छेड़छाड़ की घटना के बाद यहां पढ़ाई का माहौल नहीं बन पा रहा है। बालिकाओं को कभी कोर्ट ले जाया जाता है, कभी थाने बुलवाया जाता है।
बोर्ड की परीक्षा नजदीक हैं, इस वजह से वे बालिका को अपने घर ले जाएंगे और वहीं से उसे परीक्षा दिलवाने के लिए लेकर जाएंगे। बालिका के पिता ने बताया कि उन्होंने बालिका को यहां से लेकर जाने के लिए पहले प्रार्थना-पत्र दिया था, लेकिन इजाजत नहीं मिली। इसके बाद जोर देने पर बालिका को वापस घर लेकर जाने की इजाजत मिली है। गौरतलब है कि किशनगढ़बास में 2 मार्च को बालिकाओं ने शिकायत की थी कि यहां कि वार्डन उन्हें अपने पति के पास ले जाकर अभद्रता कराती है। इसके बाद वार्डन और उसके पति को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में अभी तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। ऐसे में पुलिस यहां आती-जाती रहती है, इससे बालिकाओं की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। इसलिए परिजन बालिकाओं का हाल जानने के लिए आ रहे है साथ ही अपनी बालिका को वापस घर ले जा रहे हैं।





No comments:
Post a Comment