दिनदहाड़े पुलिसकर्मियों के सामने जीप चालक पर हमला, पथराव कर फरार
-राजाखेड़ा प्रधान पति की गाड़ी चलाता है पीडि़त
-दिनदहाड़े निहालगंज थाना इलाके की घटना
धौलपुर. शहर के निहालगंज थाना इलाके में बुधवार दिनदहाड़े बजरी से भरे ट्रेक्टर-ट्रॉली सवार करीब आधा दर्जन से अधिक लोगों की ओर से एक गाड़ी चालक पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हमला कर दिया। इस दौरान पथराव में जीप क्षतिग्रस्त हो गई और आरोपित मौके से भाग निकले। इसके बाद पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात जनों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सैपऊ थाना इलाके के गांव रजौरा कलां निवासी उदयवीर शर्मा हाल में राजाखेड़ा प्रधान के पति राजकुमार तौमर की जीप पर चालक का काम करता है। बुधवार सुबह उदयवीर जीप लेकर धौलपुर स्थित क्षेत्रीय विधायक के यहां पर आया था। यहां से लौटने के दौरान शहर के हनुमान तिराहे पर जीप को बजरी से भरे एक ट्रेक्टर-ट्रॉली से टक्कर मार दी। कहासुनी के बाद चालक ट्रेक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से भाग निकला। इसके बाद जीप चालक उदयवीर निहालगंज चौकी पहुंचा और यहां दो पुलिसकर्मियों को बैठाकर बजरी ट्रेक्टर-ट्रॉली का पीछा शुरू कर दिया। आरएसपी पुलिस लाइन रोड पर ट्रेक्टर के आगे जीप लगा कर उसे रोक लिया गया। इस दौरान ट्रेक्टर पर सवार करीब आधा दर्जन लोगों ने जीप पर पथराव करते हुए शीशे तोड़ दिए और पत्थर लगने पर चालक उदयवीर चोटिल हो गया। सबकुछ देखकर पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने देखते रहे और ट्रेक्टर चालक अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। थाने पहुंच कर पुलिस ने लिखित शिकायत देते हुए घटनाक्रम की जानकारी दी और मामला दर्ज कराया। पुलिस ने दर्ज मामले पर आरोपितों को चिन्हित करने के प्रयास शुरू कर दिए है।





No comments:
Post a Comment