रोहिड़ा. थाना क्षेत्र के भूला में आखाजी का टीबा में शनिवार सवेरे एक आदिवासी युवक का रक्तरंजित शव मिला। मृतक के सिर पर गहरी चोट एवं दोनों गालों में छेद किए मिले हैं। सूचना पर रोहिड़ा थाना प्रभारी भगवतसिंह मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त भूला की वासिया फली निवासी सोहनलाल (22) पुत्र वीराराम गरासिया के रूप में हुई। पुलिस पोस्टमार्टम के लिए शव रोहिड़ा अस्पताल की मोर्चरी ले जाना चाह रही थी लेकिन मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव उठाने से इनकार कर दिया। सूचना के बाद एसपी कल्याणमल मीणा, एएसपी नारायणसिंह राजपुरोहित, माउंट आबू डीएसपी प्रवीण कुमार, आबूरोड सदर थाना प्रभारी हंसाराम सिरवी, सरूपगंज थाना प्रभारी शिवराजसिंह भाटी मय जाप्ता मौके पर पहुंचे।
समझाइश पर शव को मोर्चरी में रखवाने की दी सहमति
मृतक के परिवार की महिलाएं शव को घेर को बैठ गई एवं आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव को नहीं उठाने पर अड़ गई। इस पर भूला सरपंच कन्हैयालाल अग्रवाल, पूर्व सरपंच रतनलाल अग्रवाल, फागणाराम गमेती, एएसआई मोहम्मद इकबाल, हैड कांस्टेबल देवाराम मीणा, ताराराम समेत पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से समझाइश की। करीब ५ घंटे की मशक्कत के बाद परिजनों ने शव को मोर्चरी में रखवाने की सहमति दी। लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक पोस्टमार्टम नहीं करवाने की शर्त रखी।
आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश
इधर, हत्या के मामले को लेकर पुलिस की ओर से संदिग्ध लोगों के यहां दबिश दी जा रही है। वहीं शव को रोहिड़ा चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजन अस्पताल परिसर में बैठ गए।
हत्या का मामला दर्ज
मृतक के पिता वीराराम गरासिया ने रिपोर्ट दी कि उसका पुत्र सोहन शुक्रवार रात फसल की रखवाली के लिए कुएं पर गया था। जिसका शव शनिवार को खून से लथपथ उपला भूला में सड़क किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जल्द करेंगे राजफाश
पुलिस टीमों का गठन कर संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द ही मामले का राजफाश किया जाएगा।
-कल्याणमल मीणा, एसपी, सिरोही





No comments:
Post a Comment