पारसोला/प्रतापगढ़.
मूंगाणा में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) में तैनात चिकित्सक झूंझुनू के उदयपुरवाटी निवासी डॉ. मुनेशकुमार जाट और एम्बुलेंसकर्मी देवीलाल जाट ने गुरूवार रात शराब के नशे में एक होटल व्ययसायी शम्भुलाल की कार में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस पर शुक्रवार सुबह आक्रोशित लोगों ने मूंगाणा-धरियावद मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने आरोपी चिकित्सक और एंबुलेंस कर्मचारी को गिरफ्तार किया। इसके बाद ही ग्रामीणों ने जाम खोला। इस बीच चिकित्सक को एपीओ कर दिया गया है। चालक को भी हटा दिया गया है।
पारसोला पुलिस ने बताया कि मुनेश और देवीलाल ने गुरुवार रात को एक साथ शराब पी। इसके बाद दोनों नशे की हालत में होटल पर दही खरीदने गए लेकिन वहां दही नहीं मिला। होटल मालिक शम्भुलाल के इनकार पर दोनों गाली-गलौच करने लगे। इसके बाद दोनों चिकित्सालय में गए। वहां एंबुलेंस से पेट्रोल निकाला और अस्पताल परिसर में खड़ी शंभूलाल की कार पर पेट्रोल छिड़ककर उसमें आग लगा दी। कुछ ही देर में कार जलकर राख हो गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से पता लगा कि आग चिकित्सक और एम्बुलेंसकर्मी ने लगाई है।





No comments:
Post a Comment