Breaking News
recent

फिर मार भगाया पाकिस्तानी ड्रोन, श्रीगंगानगर सेक्टर में वायुसीमा उल्लंघन की कोशिश नाकाम

सुरेश व्यास
जयपुर। भारत ने शनिवार तड़के पाकिस्तान की ओर से वायुसीमा उल्लंघन की एक और कोशिश नाकाम कर दी गई। सशस्त्र बलों ने भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे पाकिस्तान के एक टोही विमान को मार भगाया। पाकिस्तान के मानव रहित विमान को पहुंचे नुकसान के बारे में फिलहाल पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई है। पश्चिम सीमा पर पाकिस्तान का यह तीसरा टोही विमान निशाने पर आया है। गत 4 मार्च को बीकानेर सेक्टर और 27 फरवरी को गुजरात के कच्छ इलाके में पाकिस्तानी टोही विमान मार गिराए गए थे।

 

प्रतिरक्षा सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान के मानव रहित विमान ने शनिवार तड़के करीब साढ़े चार से पांच बजे के बीच घुसपैठ की कोशिश की थी। भारतीय सीमा में घुस आए टोही विमान पर जमीन से फायर किए गए। अचानक फायरिंग की आवज सुनकर श्रीगंगानगर से सटे सीमावर्ती इलाके हिन्दुमल कोट के आस पास के ग्रामीण सहम गए। कई लोग घरों से बाहर आ गए। लगभग आधे घंटे तक फायरिंग और धमाकों की आवाजें सुनी गई। क्षेत्र के रेणुका, मदेरा व 5-एच गांवों के लोग फायरिंग व धमाकों की आवाज सुनकर सहम गए।

 

सूत्रों का कहना है कि ग्राउंड राडार ने यूएवी के भारतीय क्षेत्र में घुसने की घटना को नोटिस किया था। इस पर सुरक्षा बल अलर्ट हो गए और हिन्दूमल कोट इलाके में टोही विमान दिखाई देने पर उसे निशाने पर लिया गया। सूत्रों के अनुसार इस दौरान टोही विमान वापस पाकिस्तान की ओर मुड़ गया। उसके रेणुका गांव के सामने किसी इलाके में गिरने की बात सामने आ रही है, लेकिन इस बारे में पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई है। इधर, टोही विमान की घुसपैठ की कोशिश के बाद सीमा सुरक्षा बल ने समूचे सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ा दी है। ग्रामीणों से कोई भी संदिग्ध वस्तु के दिखाई देने पर तुरंत सूचना देने की अपील की जा रही है।

 

तीसरी बार निशाने पर
पुलवामा हमले के बाद उपजे तनाव के बीच पाकिस्तान के टोही विमानों ने पश्चिम सीमा की टोह लेने की गरज से तीसरी बार घुसपैठ करने की कोशिश की है। सबसे पहले गत 27 फरवरी को गुजरात के कच्छ इलाके में टोही विमान को मार गिराया गया था। इसके बाद 4 मार्च को भी बीकानेर सेक्टर के अनूपगढ़ के सामने टोही विमान ने दोपहर करीब पौने 12 बजे घुसपैठ की कोशिश की। इस यूएवी को वायुसेना के सुखोई-30 विमानों ने एयर टू एयर शॉर्ट रैंज मिसाइल से मार गिराया था। इस टोही विमान का मलबा पाकिस्तान के चेलिस्तान रेगिस्तान में फैलै फोर्ट अब्बास इलाके में गिरने की तस्वीरें पाकिस्तानी मीडिया ने जारी की थी। आज फिर पाकिस्तान के टोही विमान ने भारतीय इलाके में घुसने की नाकाम कोशिश की है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.