गंगापुरसिटी . वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन लोको शाखा के तत्वावधान में शनिवार को तीसरे दिन भी रनिंग कर्मचारियों के लिए समस्या निवारण शिविर लगाया गया। शिविर में समस्याओं का बोलबाला रहा।
शाखा सचिव राजेश चाहर ने बताया कि कर्मचारियों ने मरम्मत के अभाव में रेलवे आवास खंडहर होने, आवासों में पानी की टंकी नहीं होने, टाइप वन रेल आवासों में बाथरूम नहीं होने एवं लॉबी पर रनिंग स्टाफ के लिए लगाया आरओ प्लांट के कार्य नहीं करने की शिकायत की। शाखा के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज कुमार एम ने बताया कि लाइन नंबर 2 एवं 4 पर स्टॉप सिग्नल के पास गिट्टी पड़ी हैं। इससे ड्राइवर लोको पायलट को इंजन का निरीक्षण करने आदि में परेशानी हो रही है। यहां रैम्प की दरकार है।
यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन ने बताया कि 28 और 29 मार्च को स्थाई वार्ता तंत्र की बैठक में ऑल इंडिया रेलवे मैंस फैडरेशन के पदाधिकारियों ने रेलवे बोर्ड के समक्ष रनिंग कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा की। महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा ने रनिंग एलाउंस और इंसेंटिव बोनस को लेकर बोर्ड को चेतावनी दी है कि रेल कर्मचारियों की अनदेखी बर्दाश्त से बाहर हो रही है।
औद्योगिक संबंध बनाए रखना प्रशासन और यूनियन की जिम्मेदारी है, लेकिन बोर्ड के रवैया को देखते हुए रेल कामगारों में आक्रोश है। रेल मंत्रालय हमें सख्त कार्रवाई के लिए बाध्य कर रहा है। जैन ने कहा कि केन्द्र सरकार की नीतियों और बोर्ड का रवैया कर्मचारी विरोधी है। इस अवसर पर सीताराम बैरवा, बृजेश कुमार, ऋषि पाल सिंह, तरुण यादव, सोमेंद्र सिंह, मोहम्मद नदीम, राजेश चौहान, आरपी मीना, अमित कुमार, राजकुमार मीणा, वीरेंद्र मीणा, मोतीलाल मुद्गल, राम हरि मीणा आदि मौजूद रहे।





No comments:
Post a Comment