Breaking News
recent

दिनदहाड़े व्यस्त मार्ग पर मुनीम से बाइक सवार युवकों ने ढाई लाख रुपए लूटे

- न्यू क्लॉथ मार्केट के सूरतगढ़ रोड पर वारदात
श्रीगंगानगर.
जवाहरनगर थाना इलाके में न्यू क्लॉथ मार्केट में मंगलवार करीब सवा ग्यारह बजे बाइक पर आए बदमाश राहगीर से बैग छीन ले गए, इसमें ढाई लाख रुपए थे। बाइक सवारों ने हेलमेट लगाए हुए थे और शोर करने पर पिस्तौल दिखाकर चुप करा दिया। लोगों ने दोनों युवकों को बाइक पर न्यू धान मंडी की तरफ जाते हुए देखा।

जानकारी के अनुसार न्यू क्लोथ मार्केट स्थित मनोज कुमार की मिड्ढा टैक्सटाइल की दुकान पर काम करने वाला मुनीम गौरीशंकर मंगलवार करीब 11.05 बजे ढाई लाख रुपए जमा कराने के लिए रवाना हुआ। वह न्यू क्लॉथ मार्केट से बाहर आया और पास ही स्थित आईसीआईसीआई बैंक की तरफ जा रहा था। बैंक से बीस फुट दूरी पर ही पीछे से नीले रंग की बाइक पर दो युवक आए और उसके कंधे पर लटका बैग छीन लिया।

इसमें ढाई लाख रुपए रखे हुए थे। उसने बैग छुड़ाने का प्रयास किया तथा शोर मचाना चाहा तो एक युवक ने उसको पिस्तौल दिखाकर शांत कर दिया। दोनों युवकों ने हेलमेट पहने हुए थे। उसने बाइक के पीछे भी भागने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सका। बाइक पर सवार दोनों युवक वहां से निकल गए और न्यू धानमंडी की तरफ चले गए। वारदात की खबर उसने तत्काल दुकान मालिक को दी। इस दौरान यहां आसपास के लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रशांत कौशिक मय जाब्ते के मौके पर पहुंच गए और घटना स्थल का मुआयना किया। बाद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, सीओ सिटी इस्माइल खान भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिसकर्मियों को आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालने के निर्देश दिए हैं। वहीं नाकेबंदी कराई गई है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.