सवाईमाधोपुर. जिला मुख्यालय पर पुलिस के सुस्त रवैये के चलते चोरों के हौसले बुलंद है । चोर अब सूने मकानों को ही नहीं बल्कि भगवान के मंदिरों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे है। ताजा मामला जिला मुख्यालय के सर्किट हाऊस रोड स्थित पंचमुखी बालाजी मंदिर का है।जहां रात को अज्ञात चोरों ने मंदिर पर धावा बोलते हुए बालाजी के सिर पर सजा करीब दो किलो वजनी चांदी का मुकुट और डेढ़ किलो वजनी चांदी के छत्र सहित मंदिर में रखी दानपेटी पर हाथ साफ कर दिया । दानपेटी में करीब 20 हजार रुपए की नकदी थी। चोर मंदिर की गैलेरी का दरवाजा तोड़कर मंदिर में दाखिल हुए थे। चोरी की घटना का पता उस समय चला जब चोर चोरी की वारदात को अंजाम देकर वापस निकल रहे थे । चोरों की पदचाप और हड़बड़ाहट की आवाज सुनकर मंदिर परिसर में सो रहे मंदिर के दो सन्तों की नींद टूटी। जिन्होंने दो लोगों को मंदिर से भागते हुए देखा । सन्तों ने उठकर देखा तो मंदिर की गैलेरी का दरवाजा टूटा हुआ था और बालाजी के सिर का मुकुट और छात्र सहित दानपेटी गायब थी। सन्तों ने कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के साथ ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया और अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई। गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व हाउसिंग बोर्ड स्थित बड़ के बालाजी मंदिर में भी चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। जिसका आज तक खुलासा नहीं हुआ है। जिला मुख्यालय पर बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में रोष है।
विधायक भी पहुंचे मौके पर
स्थानीय विधायक दानिश अबरार भी वारदात की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे और हालातों का जायजा लिया। विधायक ने पुलिस अधिकारियों को शीघ्र ही चोरों को गिरफ्तार कर माल बरामद करने के निर्देश दिए।
इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करके मौका मुआयना किया है। मामले की जांच की जा रही है।
प्रमोद शर्मा, थानाधिकारी, कोतवाली, सवाईमाधोपुर।





No comments:
Post a Comment