Breaking News
recent

फड़ बाजार मॉडल मार्ग के रूप में होगा विकसित-गौतम

बीकानेर। जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम द्वारा शहर में साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर नियमित रूप से किए जा रहे भ्रमण के सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं। सफाई कर्मी प्रातः से ही सफाई करते हुए दिख रहे हैं। कचरे की ढेरियों का उठाकर गाडि़यों में कचरा ले जाया जा रहा है। प्रमुख स्थानों पर कचरे संग्रहण के लिए रखे गए डस्टबिन का उपयोग आमजन करता दिख रहा है। यद्यपि सफाई एक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है, इसलिए इसमें अभी गुणात्मक रूप से और सुधार की आवश्यकता है। गौतम ने शुक्रवार को सुबह सात बजे से नौ बजे तक पूरे शहर का भ्रमण कर सभी व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने आयुक्त नगर निगम को निर्देश दिए कि गुणात्मक सुधार के लिए निगम पार्षदों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर शहर के लोगों को यह समझाइश करें कि पॉलिथीन का उपयोग न करें तथा पॉलिथीन में सब्जी तथा अन्य अपशिष्ट खाद्य पदार्थ डालकर न फैंके। शहर में वर्तमान में जो गंदगी नजर आ रही है उसमें पॉलिथीन बिखरा हुआ होने से नालियां जाम हो जाती है। आम व्यक्ति पॉलीथीन का प्रयोग न करें इसके लिए सामूहिक रूप से सकारात्मक प्रयास करें।

 

 

 

 

एम एम स्कूल का किया निरीक्षण
सुबह सफाई निरीक्षण कार्य के दौरान जिला कलक्टर ने एमएम स्कूल का भी निरीक्षण किया, जहां आज सभी व्यवस्थाएं चुस्त दुरूस्त नजर आई। सुबह 7.50 पर जब जिला कलक्टर स्कूल पहुंचे तो पूरा स्टाफ स्कूल में उपस्थित था।कक्षा कक्ष में ग्रीन बोर्ड लगे थे तथा जरूरत के मुताबिक फर्नीचर भी व्यवस्थित रूप से लगा था। स्कूल परिसर में साफ-सफाई भी बेहतर। ज्ञात रहे कि कुछ समय पूर्व जब जिला कलक्टर ने इस स्कूल का दौरा किया था, तब यहां की चरमराई व्यवस्थाओं पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्होंने इन्हें सुधारने की सख्त हिदायत दी थी।

 

 

दिली तमन्ना थी कि जिला कलक्टर मिले
नियमित भ्रमण के दौरान जिला कलक्टर ने देखा कि शीतला गेट के पास बिखरे कचरे में पड़े अपशिष्ट को गोवंश खा रहा था, और रास्ता भी जाम हो रखा था। उन्होंने वहीं, उतर कर सम्पूर्ण व्यवस्था को देखा और लोगों से समझाइश करने लगे कि कचरे के साथ प्लास्टिक न फेंके, इसी दौरान 70 वर्षीय इस क्षेत्र की पूर्व पार्षद शकीला बानो आ गई। जब उन्हें पता चला कि यहां जिला कलक्टर खडे़ं है तो शकीला ने कहा कि कलक्टर साहब मेरी दिली तमन्ना थी कि आप मुझे मिले और मैं आपको बताउं की इस क्षेत्र में गंदगी व पशुओं के कारण व्यवस्था खराब हो रही है, साथ ही यहां एक स्कूल की महती आवश्यकता है तथा इस क्षेत्र में सौ से 150 घूमते हैं इनके कारण बुजुर्गों, बच्चों को काफी खतरा रहता है। कई बार तो ये इन्हें काटने के लिए दौड़ पड़ते हैं। इस पर जिला कलक्टर ने आयुक्त नगर निगम को पकड़ने का कार्य आज से ही शुरू करने के निर्देश दिए।

 

 

ई मित्र केन्द्र खुलेगा, बीसी की होगी नियुक्ति
इस दौरान जिला कलक्टर से मिलने कई बुजुर्ग आए, जिन्होंने कहा कि बुजुर्ग होने के कारण वे लोग बैंक तक नहीं जा पाते हैं, ई मित्र भी पास में नहीं है इस कारण उन्हें पेंशन, राशन कार्ड आदि बनवाने में परेशानी आती है। इस पर जिला कलक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बुजुर्गों को पास ही में ई मित्र केन्द्र जल्द खुलवाने का आश्वासन दिया। जिला कलक्टर ने कहा कि बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध हो इसके लिए बैंकिंग कॉरसपोंडेट की नियुक्ति की जाएगी, ताकि उन्हें सुविधाएं मिले सके।

 

 

स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा
शीतला गेट में कुछ बुजुर्गों ने जिला कलक्टर को अपने मोहल्ले में युवाओं के बेरोजगारी की बात कही, उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र में गायन, चित्रकला सहित कई कलाओं में बड़ी हस्तियां निकली है। लेकिन अब हुनर के अभाव में युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। इस पर जिला कलक्टर ने एक युवा के मोबाईल नम्बर लिए और आरएसएलडीसी के अधिकारी को फोन कर इस क्षेत्र के युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी इस युवा का नम्बर नोट करें व इस क्षेत्र में आकर युवाओं की रूचि के अनुसार सूची तैयार कर युवाओं को प्रशिक्षण दें ताकि वे कौशल का विकास कर स्वरोजगार की राह पकड़ सके। जिला कलक्टर ने युवाओं को आरएसएलडी के माध्यम से प्रशिक्षण व ऋण आदि के जरिए स्वरोजगार दिलाने का आश्वासन दिया।

 

 


जिला कलक्टर ने नियमित भ्रमण के दौरान बड़ा बाजार के पास स्थित घूमचक्कर पर बिखरे बेतरतीब कचरे को देखा। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां प्रतिदिन इतना ही कचरा आसपास के लोग फेंक देते हैं। निगम कर्मचारी इस कचरे को लेट उठाते हैं। जिला कलक्टर ने इस स्थान पर रहने वाले दो लोगों को आयुक्त के मोबाइल नम्बर देते हुए कहा कि भविष्य में भी यदि समय पर कचरा न उठे दो फोन करें, सफाई हो जाएगी। लोगों ने कहा कि यहां लोग अधिक कचरा फेंकते हैं इस पर जिला कलक्टर ने कहा कि यहां एक बड़ा कचरा पात्र रखवाया जाएगा, स्थानीय लोग इस कचरे पात्र का आवश्यक रूप से उपयोग कर अपने क्षेत्र को साफ बनाए रखने में सहयोग करें।

 

 

फड़ बाजार मॉडल मार्ग के रूप में होगा विकसित
जिला कलक्टर ने फड़ बाजार में चल रहे सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान फड़ बाजार के निवासी भी जिला कलक्टर के पास आ गए और निर्माण कार्याें के बारे में बातचीत की। गौतम ने स्थानीय निवासियों को कहा कि इस क्षेत्र को एक मॉडल मार्ग के रूप में विकसित किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का सहयोग अपेक्षित है। मकानों के बाहर जितना अतिक्रमण कर रखा है वह लोग खुद से हटा लें। उपस्थित नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ हां भरते हुए कहा कि वॉल टू वॉल सड़क बना दें, हमारे स्तर पर जो भी अतिक्रमण कर रखा है वह हम स्वयं हटा लेंगे। गौतम ने बताया कि सड़क के बीच विद्युत ट्रांसफार्मर स्थानान्तरित होंगे, बिजली के खंभे हटाकर अंडरग्राउण्ड वायरिंग होगी तथा सड़क के बीच डिवाईडर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग से फड़ बाजार को पूरे शहर के सामने एक मॉडल मार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.