Breaking News
recent

चित्तौड़ में ट्यूरिज्म कॉम्पलेक्स बनाने की योजना


केन्द्रीय रेलवे बोर्ड के पीएससी सदस्यों ने किया स्टेशन का निरीक्षण
यात्री सेवा समिति की बैठक में उठेगा आठ किलो सोना चोरी का मामला
चित्तौडग़ढ़. चित्तौड़ रेलवे स्टेशन पर निर्भया योजना के तहत सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढाई जाएगी। डेढ माह पूर्व यात्री गाड़ी से आठ किलो वजनी सोने के आभूषण चोरी होने का मामला केन्द्रीय रेलवे बोर्ड की यात्री सेवा समिति की बैठक में उठाया जाएगा। चित्तौडग़ढ़ में ट्यूरिज्म कॉम्पलेक्स बनाने की भी योजना है।
केन्द्रीय रेलवे बोर्ड की यात्री सेवा समिति के सदस्य सुरेन्द्र भगत जम्मू-कश्मीर, गुरविन्दर सिंह सेठी झारखण्ड व रेशमा हुसैन जयपुर ने रविवार को यहां रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद मीडिया से यह बात कही। सेठी ने कहा कि समिति के सदस्य अजमेर और भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद चित्तौडग़ढ़ पहुंचे हैं। यहां लगे सुरक्षा कैमरों की जांच की तो उनमें डार्कनेस की समस्या पाई गई, जिसे ठीक करवाने के निर्देश दिए गए। समिति के सदस्यों को शिकायत मिली कि यहां ठेके पर काम कररहे सफाईकर्मियों को वेतन कम मिलता है। रेलवे के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे संबंधित ठेकेदार से बात कर इन्हें सरकार की ओर से निर्धारित न्यूनतम वेतन दिलवाने की व्यवस्था करें। रेलवे पटरियों पर गायों के विचरण करने की समस्या का समाधान करने के निर्देश रेलवे अधिकारियों को दिए गए। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इसके लिए दीवार का निर्माण करवाया जाएगा।
समिति के सदस्यों ने कहा कि यहां चित्तौड़ खण्ड दोहरीकरण, विद्युतीकरण, एक्सीलेटर, चार नए केटरिंग स्टॉल सहित कई काम करवाए जा रहे हैं। चित्तौड़ स्टेशन देश में मॉडल बने, इस दिशा में यहां के सांसद सीपी जोशी प्रयासरत है। रेलवे स्टेशन पर निर्भया योजना के तहत सीसीटीवी कैमरों की संख्या भी बढाई जाएगी। रेलवे के अधिकारियों ने समिति के सदस्यों को बताया कि चित्तौडग़ढ़ में ट्यूरिज्म कॉम्पलेक्स बनाने की योजना है।
चोरी गया आठ किलो सोना कब होगा बरामद
समिति की सदस्यों के यह ध्यान में लाया गया कि ७ जनवरी २०१९ को निम्बाहेड़ा से चित्तौडग़ढ़ आ रही बांद्रा-उदयपुर यात्री गाड़ी से मुम्बई के स्वर्ण व्यवसायी सुरेन्द्र राठौड़ के कर्मचारियों से आठ किलो वजनी सोने के आभूषण छीनने की वारदात हुई थी।
समिति के सदस्यों ने आरपीएफ के निरीक्षक से इस संबंध में सवाल किए और पूछा कि अब तक पुख्ता कार्रवाई क्यों नहीं हो पाई। समिति के सदस्य सुरेन्द्र भगत ने पूरे मामले की जानकारी ली और कहा कि इस मामले को समिति की बैठक में उठाया जाएगा।
इस अवसर पर अपर मण्डल रेल प्रबंधक के.के. सिन्हा, वरिष्ठ मण्डल अभियंता उत्तर एस.डी. मीणा, मण्डल वाणिज्य प्रबंधक एन.आर. मीणा, मण्डल अभियंता मैकेनिकल के.सी. वर्मा, स्टेशन प्रबंधक सुभाषचन्द्र पुरोहित, मण्डल टिकिट निरीक्षक गोपाल परिहार, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक संजय पासी व एन.के. जोशी सहित मुस्लिम राष्ट्रीय मंच प्रदेश सह संयोजक आबिद शेख, संभाग संयोजक मोहम्मद सलीम शालीमार, जिला संयोजक भीलवाड़ा मोहम्मद अयूब रंगरेज, लोकसभा मीडिया संयोजक सुधीर जैन, सह संयोजक मनोज पारीक आदि उपस्थित थे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.