चंहुओर गूंजे बाबा श्याम के जयकारे
परसरामपुरा. गांव परसरामपुरा से शुक्रवार को निशान पदयात्रियों का जत्था खाटूधाम के लिए रवाना हुआ। श्याम मित्र मंडल के कार्यकर्ता विष्णु पाराशर ने बताया की यात्रा गांव के गोपीनाथजी के मंदिर से शुरू हुई। जो गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए गुजरी। पदयात्रियों का जगह-जगह स्वागत किया गया। उन्होंने बताया कि रविवार को श्याम बाबा के शिखर पर निशान चढ़ाया जाएगा। पदयात्रा में राहुल सर्राफ, रवि पोद्दार, रितेश शर्मा, आकाश शर्मा, श्याम शर्मा, विजेश सेन, विजेश टेलर, मनीष मीणा, नरेश महण, अजय शर्मा, रघुवीर सिंह, पूजा शर्मा, सज्जन सोनी, सतपाल जांगिड़, बिरजू जांगिड़, मनोहर सेन, पप्पू दुधवाल, बजरंग झिंवर आदि शामिल है। इससे पूर्व गोपीनाथजी के मंदिर में पूजा अर्चना की गई।
बजरंग छावसरी का ऊंट रहा प्रथम
बगड़. कस्बे के श्रीश्याम मंदिर के सामने फतेहसागर तालाब मैदान में श्याम महोत्सव मेले में रंगीलो राजस्थानी फाल्गुन महोत्सव के दौरान ऊंट-घोड़ी नृत्य प्रतियोगिता हुई। ऊंट नृत्य प्रतियोगिता में 15 टीमों ने भाग लिया। जिसमें बजरंग छावसरी प्रथम, नेकीराम द्वितीय व अनिल किशोरपुरा तृतीय रहे एवं घोड़ी नृत्य प्रतियोगिता में धमेंद्र छावसरी प्रथम, नेकीराम द्वितीय व अशोक बगड़ तृतीय रहे। मेले में श्रद्धालुओं ने चाट व झूलों का लुत्फ उठाया। संचालन मनोज बागोरिया व मुकेश सैनी ने किया। 17 मार्च को कस्बे के मुख्य मार्गों से शोभायात्रा निकाली जाएगी एवं रात्रि में चुवासधाम के महंत निश्चलनाथ एवं दादू द्वारा प्रमुख अर्जुनदास के सानिध्य में भजन संध्या तथा 18 मार्च को भंडारा होगा।
डूंडलोद में श्याम महोत्सव आज से
नवलगढ़. गांव डूंडलोद के श्याम मंदिर में श्याम महोत्सव शनिवार से शुरू होगा। आयोजन समिति सचिव डॉ. केडी यादव ने बताया कि श्याम महोत्सव के अन्तर्गत मंदिर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसके तहत शनिवार को दोपहर तीन बजे से गांव के हीरानाथ आश्रम से निशान यात्रा शुरू होगी। जो गांव के मुख्य बाजार होते हुुए श्याम मंदिर पहुंचेगी। रविवार दोपहर तीन बजे विभिन्न झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। रात को रूकणसर धाम के संत कैलाशनाथ, गुलाबनाथ के सानिध्य में भजन संध्या होगी। सोमवार को भण्डारे का आयोजन होगा।
आज वृंदावन जाएगी निशान यात्रा
चिड़ावा.वृंदावन में बिहारीजी मंदिर और पौराणिक पंचपेड़ पर तीन दिवसीय कार्यक्रम शनिवार से शुरू होगा। श्री बिहारीजी मित्र मंडल के मुरारीलाल सुलतानिया ने बताया कि बाबा पुरुषोत्तमदास के जन्मोत्सव पर सुबह दस बजे से निशान पदयात्रा रवाना होगी। रविवार सुबह सात बजे इस्लामपुर स्थित बिहारीजी मंदिर से यात्रा रवाना होकर वृंदावन पहुंचेगी। मंदिर में सुबह 9 बजे पंचकुंडीय यज्ञ होगा। शाम चार बजे से अखंड ज्योति पाठ तथा 6 .30 बजे से दीपोत्सव और महाआरती होगी। रात आठ से बिहारीजी के मंदिर में बाबा पुरुषोत्तम दास का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। महाआरती के बाद भजन होंगे। अगले दिन यानी सोमवार सुबह छळ बजे पंचपेड़ पर महाप्रसाद का भोग लगाया जाएगा। मंदिर से पंचपेड़ तक शोभायात्रा निकाली जाएगी।
फागोत्सव आज से
मुकुंदगढ़.कस्बे के वार्ड दो स्थित काका चौक में हनुमान मित्र मंडल के तत्वावधान में शनिवार रात से फागोत्सव कार्यक्रम शुरू होगा। मंडल के चेतन शर्मा ने बताया कि होली तक चलने वाले कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार चंग व बांसुरी के साथ फागोत्सव के रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे।
शाकंभरी मार्ग पर श्याम भक्तों की धूम
उदयपुरवाटी. खाटूधाम जाने वाले श्याम भक्तों का शाकंभरी मार्ग पर शुक्रवार को भी तांता लगा रहा। भक्तों के जत्थे श्याम भजनों पर नाचते झूमते लगातार आगे बढ़ते रहे। श्याम भक्तों के लिए जगह जगह लगे शिविरों में चाय, पकोड़ी, जलेबी, हलवा, जूस, फल, भोजन और विश्राम करने की व्यवस्था की गई। खेल मैदान समिति की ओर से अध्यक्ष कुलदीप कटारिया, रामकरण सैनी, सुरेन्द्र तंवर, मुकेश सैनी, एडवोकेट मोतीलाल सैनी, सुनील सैनी अन्य कार्यकर्ता श्याम भक्तों की सेवा में जुटे रहे।
बाघोली से श्याम निशान पदयात्रा शुरू
पचलंगी. बाघोली श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में शुक्रवार को प्रात 10 बजे से श्याम के जयकरों के साथ बाघोली से खाटूश्याम के लिए 10 वीं पद यात्रा शुरू हुई। मंडल के सचिव किशन लाल सैनी ने बताया की बाबा की झांकी सजाकर श्याम रथ के साथ गाजे बाजे से निशान पद यात्रा गांव के गोपीनाथ मंदिर से पूजा-अर्चना के बाद पुजारी राजेन्द्र प्रसाद शर्मा ने रवाना की।
श्रीश्याम हरि कीर्तन मंडल की निशान यात्रा रवाना
चिड़ावा. पुरानी बस्ती के श्रीश्याम मंदिर से खाटूधाम के लिए श्रद्धालुओं का जत्था शुक्रवार को रवाना हुआ। श्रीश्याम हरि कीर्तन मंडल की 35 वीं निशान यात्रा है। जो कि मंदिर से शुरू होकर कबूतरखाना स्टैंड पहुंची। यहां से श्रद्धालु गाडिय़ों से पलसाना के लिए रवाना हुए। जहां से खाटूधाम तक पदयात्रा की जाएगी। इस मौके पर बैजनाथ मोदी, सज्जन मित्तल, सुरेंद्र वैद्य, महेंद्र मोदी, मुकेश मोदी, सोनू मित्तल, नरोत्तम हलवाई, संदीप हलवाई सहित अन्य शामिल थे।
बबाई से खाटूधाम पदयात्रियों का जत्था रवाना
खेतड़ी. श्रीश्याम मित्र मण्डल बबाई के तत्वावधान मे मण्डल अध्यक्ष सुशील मावण्डिया के सानिध्य में 28वीं बबाई से खाटूधाम पदयात्रा शुक्रवार को 51 पदयात्रियों के जत्थे के साथ गाजे-आजे के साथ नगर परिक्रमा कर रवाना हुई। सेडवाला बालाजी मन्दिर में पंडित शंकरलाल मिश्रा ने निशान पूजा करवाई। इस अवसर पर राकेश मावण्डिया, बंटी सैनी, सज्जन फरेरा, विक्की मावण्डिया, ओमप्रकाश पटवारी, दीपक मावण्डिया, उमेश गुप्ता, गणेश सांवतिया सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे। इसी प्रकार कुमावत श्याम मण्डल बबाई के तत्वावधान में महेश कुमावत के सानिध्य में 17 पदयात्री खाटू रवाना हुए। इस प्रकार वैशाली मित्र मण्डल बबाई के ख्यालीराम सैनी के सानिध्य में 21 पदयात्री खाटूधाम के लिए रवाना हुए।
बाबा श्याम के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
बिसाऊ. कस्बे में शुक्रवार को खाटूश्याम के भक्तों ने शोभायात्रा निकाली। श्री श्याम प्रभु के जयकारों के साथ हाथों में निशान उठाए नाचते गाते हुए श्रद्धालु रवाना हुए। शोभायात्रा यात्रा जीणमाता मंदिर से बीड़ स्थित प्राचीन श्याम मंदिर पहुंची। जहां श्रद्धालुओं ने निशान चढ़ा कर मनोतियां मांगी।






No comments:
Post a Comment