चंग-डफ की थाप पर गूंजी धमाल, गुलाल की खुशबू से महका अंचल
शुभ मुहुर्त के अनुसार होली का दहन
झुंझुनूं. चंग-डफ की थाप पर फिजां में गूंजती धमाल की स्वरलहरिया और गुलाल की बिखरती खुशबू के बीच होली व धूलंडी उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाई?गई। बुधवार को शुभ मुहुर्त के अनुसार पूजा-अर्चना के बाद शहर, कस्बों, गांव-ढाणियों में होली का दहन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने मंगल गीत गाए और नव विवाहित दंपतियों ने परिक्रमा लगाई।
चहुंओर खुशियों के रंग बिखरते नजर आए। दूसरे दिन गुरुवार को धूलंडी पर चंग-डफ की थाप पर होली की धमाल गूंजती रही। जिलेभर में फागोत्सव और स्नेह मिलन कार्यक्रम भी हुए। जिसमें एक-दूसरे अबीर गुलाल लगाकर किसी प्रकार के गीले-शिकवे नहीं रखने का संदेश दिया गया।
चिड़ावा. शहरभर सहित ग्रामीण क्षेत्र में होली का पर्व धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर में जगह-जगह होलिका दहन हुआ। यहां गढ़वाले बालाजी मंदिर के पास, श्रीमालों के मोहल्ला, अरड़ावतिया कॉलोनी, पुरानी बस्ती, शिव कॉलोनी और रेलवे स्टेशन, नेहरू मार्केट सहित अन्य जगहों पर होली का दहन हुआ। धुलंडी पर लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाया। रंगों के त्यौहार धुलंडी पर महिलाएं भी पीछे नहीं रही। स्टेशन रोड पर लाल कोठी के पीछे बाबा बावलिया मंडल की ओर से फागोत्सव मनाया गया। सामाजिक कार्यकर्ता इंदु देवी के नेतृत्व में होली की धमाल गाकर एक-दूसरे को रंग लगाया गया।
खेतड़ी. कस्बे में अजीत अस्पताल के पास,चूणा चौक,मुख्य बाजार,माजी साहब का मौहल्ला,नला मौहल्ला,धोबी घाट सहित एक दर्जन से अधिक स्थानों पर होली बनाई गई। अजीत अस्पताल के पास बनी होली में पंडित पीयूष सुरोलिया ने पूजन करवाया।
क्षेत्र में गुरुवार को धूलन्डी के पर्वपर लोगो ने एक दूसरे के गुलाल लगा कर शुभकामनाए दी। रामकृष्ण मिशन आश्रम में स्वामी आत्मनिष्ठानंद के सानिध्य में भक्तो ने एक दूसरे के गुलाल लगा कर धूलण्डी मनाई।
सूरजगढ़. कस्बे में लुहारु रोड पर शहीद स्थल के पास बड़ी होली तथा नगरपालिका के पास छोटी होली सहित कस्बे में मण्डी व अनेक जगहों पर होली का दहन किया गया। दूसरे दिन लोगों ने धूलण्डी के मौके पर एक दूसरे को गुलाल व रंगों से खेलते हुए होली की शुभकामनाएं दी।
सिंघाना. कस्बे में बुधवार शाम को मोहल्लों में होली की पूजा-अर्चना के बाद होली दहन किया गया। गुरूवार को धूलंडी के दिन कस्बेवासियों के चहरे रंगों से खिले नजर आए। लोग धूलंडी खेलकर आपस में एक-दूजे के गले मिलकर बधाईयां दे रहे थे। शुक्रवार को सिंघाना थाने में पुलिस जवानों ने एक - दूसरे के गुलाल लगाकर धूलंडी मनाई।ं
पिलानी. कस्बे के आजाद कॉलोनी में आजाद क्लब की ओर से रामलीला मैदान के पास में गुलझारीलाल शर्मा के नेतृत्व में तीन दिवसीय होली कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में ढफ़, धमाल, डांडिया, एवं लोक नृत्य सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए।
पचलंगी. कस्बे के होलीका चौक में होली का दहन हुआ। इसी क्रम मे पापड़ा, बागोली, जहाज, मावता, जोधपुरा, सराय, सुरूपुरा, मणकसास में भी होली दहन किया गया।
नारायण ग्राम सेवा प्रन्यास टांई का होली स्नेह मिलन
झुंझुनूं. श्रीनारायण ग्राम सेवा प्रन्यास टांई की ओर से शुक्रवार को क्षेत्र के सर्व समाज का होली स्नेहमिलन समारोह ग्राम टांई स्थित प्रताप निकेतन परिसर में मनाया गया। इस मौके पर शिक्षक नारायण सिंह शेखावत एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक लक्ष्मण सिंह शेखावत के चित्रों पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास कार्यों और सामाजिक समरसता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। समारोह के मुख्य अतिथि मंडावा विधायक नरेंद्र कुमार खीचड़ ने कहा कि वे झुंझुनूं क्षेत्र के विकास कार्यों और आमजन की सेवा में सदैव तत्पर रहेंगे। अध्यक्षता करते हुए प्रन्यास के सचिव एवं शिक्षाविद् पूर्व कुलपति डॉ. लोकेश शेखावत ने प्रन्यास के कार्यों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक के नाते आगामी लोकसभा चुनाव में समाज के सभी वर्गों के मतदाताओं को अपने राष्ट्रीय दायित्व को समझ कर अपने मत का उपयोग करना चाहिए। हम सभी को मिलकर मतदान का प्रतिशत बढ़ाना चाहिए। समारोह में भाजपा प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष जाकिर झुंझुनूंवाला, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अशोक सिंह बड़ागांव, शिक्षाविद् रिसाल सिंह पायल ने भी विचार व्यक्त किए। समारोह में पंचायत समिति के पूर्व सदस्य ब्रह्मदत्त उपाध्याय, वरिष्ठ भाजपा सदस्य नंद कुमार प्रजापत, गुलजारीलाल शर्मा, पूर्व सरपंच मोहम्मद अली खान, दूलाराम कस्वां, नन्दलाल धायल, किशोर धाभाई, रामसिंह शेखावत, एडवोकेट तेजपाल सिंह, कल्याण राणा, उमेश जोशी, देवकीनंदन जोशी, बजरंग जांगिड़, उगम सिंह, सुरेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, मालमसिंह, मनोहर सिंह, दीपक उपाध्याय, सांवरमल, अंकित, पुलकित, महेंद्र धायल, संजीव महला, जगदीश कस्वां, उम्मेद खान मोयल, बिसाऊ से गोपीकिशन, कपिलेश शर्मा, अतुल कुमार खीचड़ आदि मौजूद थे।







No comments:
Post a Comment