श्रीगंगानगर। इंदिरा कॉलोनी की गली नम्बर दस में सत्तर प्रतिशत लोग अब खुद ही अतिक्रमण को साफ करने में जुट गए है। नगर परिषद के रिकॉर्ड में इस रोड की चौड़ाई चालीस फीट है लेकिन वहां दोनों साइडों मं कब्जे होने के कारण यह सिकुड़ कर महज बीस फीट रह गई है।
ऐसे में पचास फीसदी कब्जे को देखकर नगर परिषद आयुक्त ने पूरी रोड पर लाल रंग के निशान लगवा दिए, इसका परिणाम रविवार को देखने को मिला। इस रोड के बांशिदों ने अपने चबूतरे और चारदीवारी को खुद ही हटवा दिए। इतना ही नहीं अधिकांश लोग अपने घर के बाहर के कमरों और दुकानों में सेफ्टी टैंक का निर्माण शुरू करवा दिया है।
इस रोड पर रहने वाले राधेश्याम के घर के बाहर के रूम का फर्श तोडकऱ वहां सेफ्टी टैंक बनाने का काम लगभग पूरा हो चुका था तो पड़ौसी हरबंस लाल ने भी अपनी दुकान का फर्श तुड़वाकर सेफ्टी टैंक बनाने का काम शुरू किया है। पड़ौस में भवन निर्माण सामग्री का इस्तेमाल करने के लिए मजदूर और मिस्त्रियों को देखकर भी कई लोगों ने अपने घरों की चारदीवारी हटवा दी है। चबूतरों को तोड़ा भी गया है, कई ऐसे मकान मालिक भी है जिन्होंने अभी तक अतिक्रमण हटवाना शुरू नहीं किया है।
पूर्व पार्षद सीताराम रैगर का कहना था कि नगर परिषद के उपसभापति अजय दावड़ा के इंदिरा कॉलोनी में स्थित आवास के आगे संकरी रोड थी लेकिन कब्जे हटवाने के बाद नगर परिषद प्रशासन ने तत्काल दोनेां साइडों में नालियों को शिफ्ट कर दिया और वहां सडक़ बनाने का काम करवा दिया।
ऐसे में यह रोड इलाके में रोल मॉडल के रूप में बन चुकी है, इसे देखकर आगे गली नम्बर दस के बांशिदों ने भी अपने घरों के आगे संकरी रोड को चौड़ा करवाने के लिए अतिक्रमण हटाने का निर्णय ले लिया है। इधर, नगर परिषद प्रशासन ने पूरी रोड पर लाल रंग के निशान लगवाकर दस दिन का अल्टीमेटम दिया है। अल्टीमेटम की समय अवधि जैसे जैसे समाप्त हो रही है वैसे वैसे अतिक्रमण खुद हटाने का काम तेज हो रहा है।
यदि कोई राहगीर या वाहन चालक खुराना पैलेस से सुखाडिय़ा सर्किल या मीरा चौक की बजाय सीधे अबोहर रोड जाना चाहता है तो उसे कंगन मैरिज पैलेस से आगे से होते हुए पुराने राधा सत्संग भवन तक, वहां से सीधे कबीर चौक तक, वहां से शुगर मिल के पास बने आरयूबी को क्रॉस करते हुए सीधे आजाद टाकीज के पास अबोहर रोड तक पहुंचा जा सकता है।
मोहल्लेवासियेां का कहना है कि कंगन मैरिज पैलेस से कबीर चौक तक रोड की चौड़ाई नगर परिषद के रिकॉर्ड में चालीस फीट है लेकिन दोनों साइडों में कब्जे होने के कारण यह सिकुड़ कर महज बीस फीट रह गई है, ऐसे में नगर परिषद के अतिक्रमण हटाने या हटवाने से यह चालीस फीट चौड़ी हो जाएगीै। इससे वाहनों की आवाजाही गगन पथ से सीधे अबोहर रोड तक हो सकेगी।





No comments:
Post a Comment