सवाईमाधोपुर. प्रदेश में सरकार भले ही एक अप्रेल से सरसों व चने की समर्थन मूल्य पर खरीद करने जा रही हो, लेकिन जिले में सरसों व चने की समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए ऑनलाइन पंजीयन किसानों के लिए जी का जंजाल हो गया है। गत 13 मार्च से शुरू हुए ऑनलाइन पंजीयन से पहले किसानों ने गिरदावरी के लिए पटवारियों के चक्कर लगाए। अब ऑनलाइन पोर्टल सर्वर की धीमी गति के चलते किसानों का बड़ा समय ई-मित्र पर लाइन में ही गुजर रहा है, जबकि इस समय फसल कटाई चल रही है। इससे किसान खासे परेशान है। यह समस्या पूरे प्रदेश में चल रही है, उनकी सुनवाई कोई नहीं कर रहा है।
किसान इस समय फसल कटाई में जुटे है। ऐसे में राजफैड की पंजीयन अव्यवस्था किसानों पर भारी पड़ रही है। पंजीयन में उलझ जाने से किसान न फसल कटाई कर पा रहे है और सर्वर की सुस्ती से न पंजीयन करवा पा रहे है। इस संबंध में भारतीय किसान संघ ने सहकारिता मंत्री, प्रमुख शासन सचिव, राजफैड प्रबंधक से शिकायत भी की और किसानों को पंजीयन संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की थी, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
चना-सरसों की एक अप्रेल से होनी है खरीद
प्रदेश में एक अप्रेल से चने व सरसों की खरीद किए जाने के लिए किसानों से ऑनलाइन पंजीयन मांगे गए थे। इन फसलों की प्रदेश के 48 केन्द्रों पर खरीद होगी।
सर्वर ठप, नहीं हो रहा पंजीयन
प्रदेशभर में भले ही सरकार एक अप्रेल से सरसों व चने की समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू करने जा रही हो लेकिन जिले में सर्वर ठप होने से किसानों के पंजीयन नहीं हो रहे है। दिन में कई घंटो तक ऑनलाइन पंजीयन पोर्टल के बंद रहने या धीमे चलने के बाद अधिकतर केन्द्रों पर किसानों का पंजीयन नहीं हो पा रहा है। कई जगह पर पोर्टल पंजीयन क्षमता खत्म होने का संदेश बता रहा है। इससे किसान इस पंजीयन व्यवस्था की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े कर खरीद केन्द्रों की पंजीयन क्षमता बढ़ाने की मांग कर रहे है।
जिले में छह केन्द्रों पर होगी खरीद
एक अप्रेल से शुरू हो रही सरसों व चने की समर्थन मूल्य पर खरीद जिले में छह केन्द्रों पर होगी। इनमें सवाईमाधोपुर, गंगापुरसिटी, बौंली, चौथकाबरवाड़ा, खण्डार व बामनवास शामिल है। राजफैड व क्रय-विक्रय सहकारी समिति की ओर से तैयारी पूरी की जा रही है।
जब से ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया शुरू हुई है, तब से पूरे दिन इंटरनेट धीमी गति से चल रहा है। फसल कटाई को छोड़कर किसान ई-मित्र पर पंजीयन कराने पहुंच रहे है लेकिन साइट बंद होने से परेशानी हो रही है। इसको लेकर सहकारिता मंत्री, प्रमुख शासन सचिव, राजफैड प्रबंधक से शिकायत की है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
लटूरसिंह गुर्जर, जिलाध्यक्ष, किसान संघ
&ई-मित्र पर ऑनलाइन पंजीयन में पोर्टल पर सर्वर धीमी गति से चलने से परेशानी आ रही है। इसके लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
नरेश साहू, व्यवस्थापक, क्रय-विक्रय सहकारी समिति, सवाईमाधोपुर





No comments:
Post a Comment