मुकुंदगढ़. होली की रात हाइवे रोड पर पेट्रोल पंप पर डकैती करने की वारदात को अंजाम देने के लिए गाड़ी में बैठकर योजना बना रहे पांच बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों से अवैध हथियार बरामद कर गाड़ी को जब्त कर लिया है। थानाप्रभारी रामस्वरूप बराला ने बताया कि होली की शाम को गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर स्टेट हाइवे पर डूंडलोद रेलवे अंडर पास के निकट पुलिस टीम ने दबिश दी। इस दौरान अंडरपास की दीवार के पास सफेद रंग की कैंपर गाड़ी में बैठे आरोपी पुलिस को देखकर गाड़ी स्टार्ट कर भागने लगे। जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर गाड़ी में बैठे आरोपी सीकर के बलारा क्षेत्र के खीचड़ों की ढाणी तन रहनावा हाल लक्ष्मणगढ़ के वार्ड चार निवासी अनिल जाट, सीकर के ही बलारा थाना क्षेत्र के गांव सांखू निवासी देवेंद्र जाट, मुकुंदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव फतेहसरी तन देवगांव निवासी अनिल कुमार जाट, सीकर के दादिया रामपुरा निवासी राजेंद्र जाट व सीकर के ही श्रीमाधोपुर के गांव रतनपुरा निवासी प्रकाश चंद्र जाट को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक लोडेड पिस्टल, एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, दो लोहे के पाइप व सरिया आदि बरामद कर लिए। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ डकैती की योजना बनाने व आम्र्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपितों को गुरुवार को पिलानी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। जहां से पूछताछ के लिए तीन दिन के पीसी रिमांड पर आरोपितों को पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस ने पूछा तो कहा शराब ठेका खरीदने की बात करने को लेकर हुए इक_ा
पुलिस टीम ने मौके पर अंडरपास के निकट आरोपितों से पूछताछ की तो उन्होंने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और कहा कि वे यहां कोई शराब ठेका खरीदने की बात करने के लिए इक_ा हुए हैं। इसके बाद अवैध हथियार मिलने पर पुलिस को शंका हुई तो पुलिस ने आरोपियों से थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपितों ने होली के त्योहार पर बड़ी रकम पाने के लिए हाइवे पर किसी पेट्रोल पंप पर डकैती की वारदात को अंजाम देने के लिए योजना बनाने की बात को कबूल कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने ये भी बताया कि वे पहले फिरौती लेकर जमीन पर कब्जा छुड़वाने की वारदात भी कर चुके हैं। पुलिस के अनुसार आरोपित शातिर बदमाश हैं और आरोपित सीकर के बलारा क्षेत्र के खीचड़ों की ढाणी तन रहनावा हाल लक्ष्मणगढ़ के वार्ड चार निवासी अनिल जाट व सांखू निवासी देवेंद्र कुमार के खिलाफ सीकर जिले के कई थानों में डकैती, लूट ,डकैती की योजना बनाने व अवैध हथियार रखने के आरोप में कई मामले दर्ज हैं।
ये थे पुलिस टीम में शामिल
आरोपितों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाप्रभारी रामस्वरूप बराला, एचसी जाकिर हुसैन, कांस्टेबल देवेंद्र कुमार, हरपाल, बलवीर, संजय, बाबूलाल व चालक जगदीश मील शामिल थे।
इनका कहना है.....
आरोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में आरोपितों से और भी वारदातों का खुलासा होने की संभावना है। इसके अलावा आरोपियों के अन्य थाना क्षेत्रों की गई वारदातों व आपराधिक रिकार्ड को भी खंगाल कर जानकारी जुटाई जा रही है।
रामस्वरूप बराला, थानाप्रभारी (मुकुंदगढ़)





No comments:
Post a Comment