Breaking News
recent

शातिर वाहन चोर गिरोह के जालोर में चोरियों से भी जुड़े हो सकते हैं संबंध

जालोर. बालोतरा पुलिस द्वारा शुक्रवार को शातिर वाहन चोर गिरोह को पकडऩे के बाद जालोर में भी वाहन चोरियों की वारदातों में इसी गिरोह के संबंध होने की संभावना जताई जा रही है।
जालोर पुलिस शुक्रवार रात को गिरोह से प्रारंभिक पड़ताल को बालोतरा पहुंची। यह गिरोह एसपी आवास, न्यायालय के बाहर से ही वाहन को कुछ ही पल में उठा लेता था। जालोर शहर में भी 27 फरवरी को एसपी बंगले के बाहर से एक बोलेरो चोरी हुई थी और 2 मिनट के घटनाक्रम में यह गाड़ी पार हो गई थी। ऐसे में इस गिरोह के पकड़े जाने के बाद जालोर पुलिस भी शुक्रवार रात में ही बालोतरा पहुंच गई और इस प्रकरण और इससे पूर्व हुए एक अन्य प्रकरण में पूछताछ के लिए पहुंची। इस गिरोह की जालोर मेंं चोरियों में भी संलिप्तता हो सकती है। गिरफ्तार तीन वाहन चोरों में से मुख्य आरोपी लालुराम भील चोरडिय़ा (देचू) सरपंच का पति है। पहले स्तर पर पूछताछ में आरोपियों ने कुल 15 फोर व्हीलर व 3 टू व्हीलर वाहन चोरी करना कबूल किया था। इसमें बालोतरा से 12 फोर व्हीलर, पचपदरा से दो फोर व्हीलर व शेरगढ़ से एक फोर व्हीलर चुराए गए थे। इसके अलावा तीन टू व्हीलर चुराना भी स्वीकार किया।
जोधपुर तक पहुंची पुलिस
इस वाहन चोर गिरोह से चोरी के बाद गाडिय़ां जोधपुर में बेचने का कबूलनामा किया। आरोपियों से पूछताछ के बाद यह सामने आया कि अक्सर ये आरोपी चोरी की गाड़ी 50 हजार और इससे अधिक राशि में वाहन बेचा करते थे। इसी कड़ी को जोडऩे का पुलिस प्रयास कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि इसी गिरोह ने जालोर में वारदातों को अंजाम दिया है।
ऐसे पकड़ में आए शातिर
लगातार वाहन चोरियों की वारदातों के बाद बालोतरा थाना स्तर एक पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने वाहन चोरी के मामलों में मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी किए गए वाहन एवं चोरों की तलाश शुरू की और विभिन्न स्तर पर पड़ताल के बाद शातिर वाहन चोर को पकड़ा।
मुख्य आरोपी सरपंच पति
पुलिस ने पड़ताल के बाद लालुराम पुत्र आम्बाराम भील, निवासी चोरडिय़ा, पुलिस थाना देचु जिला जोधपुर ग्रामीण, नखतसिंह पुत्र अनोपसिंह राजपूत निवासी खिरजां खास, पुलिस थाना शेरगढ़ जिला जोधपुर ग्रामीण व अरविंद पुत्र मिश्रीमल मेघवाल निवासी महादेव कॉलोनी बालोतरा को दस्तयाब कर पूछताछ की। इन्होंने वारदातें कबूल की। वाहन चोर लालूराम भील की पत्नी देचू के चोरडिय़ा ग्राम पंचायत की सरपंच है। लालूराम ही ज्यादातर वाहन चुराता था और फिर नखत सिंह वाहनों के पार्ट्स वगैरह बदलकर अलग रूप रंग देता था। इन दोनों ने ही अधिकतर वाहन चुराए हैं। इसके अलावा अरविंद मेघवाल ने एक बोलेरो जीप चुराना स्वीकार किया है। अरविंद इनसे अलग अपने स्तर पर चोरी करता रहा है। लालूराम व नखतसिंह वाहन चुराकर देचू-शेरगढ़ एरिया में ले गए और वहां गाडिय़ों के पाट्र्स वगैरह बदलकर उनमें बदलाव किया।
इनका कहना
वाहन चोरों की गिरफ्तारी के बाद पड़ताल जारी है। इसी मामले में जालोर पुलिस भी पूछताछ करने पहुंची थी।
- निरंजन प्रतापसिंह, थाना प्रभारी, बालोतरा



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.