जैसलमेर. पर्यटन नगरी जैसलमेर के सिविल एयरपोर्ट से इस बार गर्मियों में से भी तीन शहरों के लिए विमान सेवा जारी रहेगी। इस सुविधा का लाभ साल पर्यन्त जैसलमेर आने वाले सैलानियों के साथ स्थानीय लोगों को मिलेगा, वहीं देश की राजधानी दिल्ली और आर्थिक राजधानी मुम्बई के लिए क्रमश: 15 और 31 मार्च से विमान सेवा फिलहाल स्थगित की जा रही है। संभवत: इन महानगरों के लिए जैसलमेर से सीधी विमान सेवा अब आगामी पर्यटन सीजन में ही संचालित हो सकेगी, वहीं राज्य की राजधानी जयपुर तथा पड़ोसी गुजरात राज्य के दो बड़े शहरों अहमदाबाद और सूरत के लिए जैसलमेर से विमान सेवा लगातार जारी रहेगी। अप्रेल से जून तक के काल में भी जब सैलानियों की आवक में खासी गिरावट आ जाती है, तब भी जैसलमेर इन तीनों शहरों से हवाई मार्ग से जुड़ा रहने वाला है।
यहां से यात्रियों में आई कमी
जानकारी के अनुसार मार्च माह में दिल्ली, मुम्बई और सूरत के लिए चलने वाली विमान सेवा में यात्रियों की संख्या में कमी देखी जा रही है। एक अनुमान के अनुसार वर्तमान में इन तीनों शहरों के लिए उपलब्ध सीटों पर आधे यात्री ही आवाजाही कर रहे हैं। जबकि जयपुर और अहमदाबाद ऐसे ठिकाने हैं, जहां के लिए कईबार विमान में सीटें कम पड़ जाती हैं। जैसलमेर से अहमदाबाद के लिए तो दिन में दो बार विमान सेवा उपलब्ध रही है। दरअसल, जैसलमेर-अहमदाबाद के लिए तो विमान किराया कई बार 1200 रुपए तक ही हो जाता है।
स्थानीय बाशिंदों को मिलेगी सुविधा
गर्मी के मौसम में जैसलमेर से जयपुर, अहमदाबाद और सूरत जैसे शहरों के लिए विमान सेवा उपलब्ध रहने से बड़ा लाभ जैसलमेर शहर और जिले के साथ आसपास के लोगों को मिलने वाला है। गर्मी की छुट्टियों में घूमने जाने वाले लोग हों चाहे नौकरीपेशा वर्ग, उन्हें लम्बी दूरी के अपने गंतव्य तक जाने के लिए विमान से कनेक्टिविटी मिल जाएगी। ऐसे ही चुनावी समय में नेताओं को जैसलमेर तथा बाड़मेर जिलों का दौरा करने में भी बड़ी सुविधा मिल सकेगी। गौरतलब है कि विगत अर्से के दौरान बाड़मेर तक जाने के लिए भी राजनीतिक दलों के नेता और पदाधिकारी जैसलमेर तक विमान सेवा का उपयोग करते रहे हैं। गौरतलब है कि देश के पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिणी क्षेत्रों में जाने के लिए जयपुर तथा अहमदाबाद से बड़ी संख्या में नियमित विमान सेवा सुलभ रहा करती है।
फैक्ट फाइल -
-2012 में निर्मित हुआ जैसलमेर में सिविल एयरपोर्ट
-2017 में नियमित हवाई सेवा शुरू हुई
-05 शहरों के लिए अब तक मिली विमान सेवा
लगातार मिलेगी सेवा
जैसलमेर सिविल एयरपोर्ट से गर्मी के मौसम में भी जयपुर, अहमदाबाद और सूरत के लिए विमान सेवा उपलब्ध रहने से विभिन्न वर्गों के यात्रियों को सुविधा रहेगी।
-राजीव पुनेठा, प्रभारी, जैसलमेर सिविल एयरपोर्ट





No comments:
Post a Comment