Breaking News
recent

टीला ढहने से दो महिलाओं की मिट्टी मे दबने से मौत

खानपुर (झालावाड़). कस्बे में चादंखेड़ी स्थित रूपली नदी के किनारे रेत का अवैध खनन करते समय टीला ढह जाने से दो महिलाओं की मौत हो गई। यहां चांदखेड़ी स्थित श्रीकृष्णानन्द गौशाला के पीछे रूपली नदी के किनारे बहड़ावदा निवासी सुवा (४०) पत्नी राजू बंजारा, गायत्री (१८) पुत्री बज्जू बंजारा सहित चार महिलाएं किनारे खोदकर रेत निकालने का काम कर रही थी। तभी मिट्टी का टीला ढह जाने से दोनों उसमें दब गई। दो अन्य महिलाएं किनारे पर होने से बाहर आ गई। उन्होंने चिल्लाकर आसपास के लोगों को बुलाया लेकिन मिट्टी के ढेर से निकालने तक उनकी मौत हो चुकी है। सूचना पर खानपुर टाउन चौकी प्रभारी हनुमानसिंह सहित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इसके बाद शवों को नदी से बाहर निकालकर अस्पताल लाए। यहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। बाद में शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए। घटना के बाद तहसीलदार राजेन्द्र मीणा व थानाप्रभारी कमलचन्द मीणा ने अस्पताल पहुंचकर मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज किए। जिसमें परिजनों ने बताया कि कई महिलाएं ठेकेदारों के पास दैनिक मजदूरी पर नदी किनारे रेत के खनन का काम करती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौतरफा नदी किनारे हो रहा है रेत का खनन
कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र मे लंबे समय से रूपली नदी के किनारों पर अवैध खनन हो रहा है। नदी किनारे खाली पड़ी चरागाह व वन विभाग की भूमि में मजदूरो द्वारा खाइयां व गहरे कुएं बना रखे है। इनमे जान जोखिम में डालकर दिनभर रेत का खनन किया जा रहा है। पुलिस, प्रशासन व वन विभाग द्वारा इस और ध्यान नहीं दिए जाने से आए दिन इस प्रकार के हादसे हो रहे हैं।
ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज कर ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया है। थानाधिकारी कमलचन्द मीणा ने बताया कि चांदखेड़ी निवासी मोनू के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.