लालसोट. शहर में पुलिस की निष्क्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिस सूने मकान में पांच दिन पूर्व चोर ताले तोड़कर हजारों रुपए की नकदी व जेवरात पार किए थे, एक बार दोबारा चोरों ने लालसोट पुलिस की गश्त की पोल खोलते हुए उसी सूने मकान के ताले तोड़ कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है।
गौरतलब है कि 23 फरवरी रात्रि को जगदंबा कॉलोनी में दिनेश साहू के मकान मेंं किराए से रहने वाले अध्यायक विश्राम सैनी के कमरों के तोड़कर अज्ञात चोर बारह हजार पांच सौ रुपए की नकदी, सोने के दो टॉप्स, चांदी की दो चेन, एक स्मार्ट फोन व अन्य जरूरी दस्तावेज चुरा ले गए थे। पीडि़त विश्राम सैनी ने बताया कि वे पिताजी का निधन होने पर पिछले 15 फरवरी से अपने गांव रजवास गए हुए थे। 23 फरवरी की घटना की जानकारी मिलने के बाद वे 24 फरवरी को अपना शेष सामान समेट कर दोबारा गांव चले गए।गुरुवार सुबह उनके पड़ौसियों ने मकान की छत पर जीने के दरवाजे टूटे हुए देखा तो उन्हे इस बारे में जानकारी दी।
मामले की जानकारी मिलने पर दिनेश साहू पहुंचे तो मकान के सभी कमरों के ताले टूटे हुए मिले। एक कमरे का दरवाजा ही उखड़ा हुआ मिला। इसके अलावा सभी कमरों में सामान भी बिखरा हुआ मिला। विश्राम सैनी ने बताया कि लालसोट पहुंचने पर ही इस बार चोरी गए सामान का आंकलन किया जा सकेगा। दूसरी ओर मामले की जानकारी मिलने पर लालसोट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। (नि.प्र.)
सूने मकान से जेवरात व नकदी पार
राजवास(बांदीकुई). समीपवर्ती राजवास गांव में दिनहाड़े एक सूने मकान से गुरुवार दोपहर चोर जेवरात एवं नकदी पार कर ले गए। घटना का पता पीडि़त परिवार के घर पहुंचने पर सामान बिखरा दिखाई देने पर लगा। जानकारी के अनुसार रेहडिय़ा रोड राजवास गांव निवासी सुरेशचंद मजदूरी करने गया था। जबकि उसकी पत्नी मवेशियों को चारा लेने के लिए खेत पर गई थी।
मौका पाकर चोर घर में घुस गए। जहां बक्सों को खोलकर सारा सामान बिखेर दिया और पायजेब, सोने की चेन, कनकती, नथ एवं टीका सहित करीब 15 हजार रुपए की नकदी पार कर ले गए। चोरी की सूचना पर मौके पर लोगों की काफी संख्या में भीड़ एकत्र हो गई। हर कोई घटना को लेकर नाराजगी जताते दिखाई दिए। सूचना पर गुढ़ाकटला चौकी से पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
पंचायत समिति सदस्य दौलतराम मीणा ने पुलिस से शीघ्र आरोपितों को गिरफ्तार कर चोरी की घटना का खुलासा किए जाने की मांग की। इस मौके पर सूरजमल सैनी, नोरत्या सैनी, शिम्भूदयाल सैनी, कैलाशचंद सैनी, महेश मीणा, विनोद सैनी आदि मौजूद थे।





No comments:
Post a Comment