लपकागिरी पर सख्त हुई पुलिस
चित्तौडग़ढ़. दुर्ग मार्ग पर हैण्डीक्राफ्ट व्यवसाय से जुड़े एक युवक पर रविवार अपराह्न दो युवकों ने तलवार से प्राणघातक हमला कर दिया। पुलिस ने हमलावर के घर दबिश दी तो वह दीवार फांदकर भाग छूटा। कोतवाली पुलिस ने प्राणघातक हमले का मामला दर्ज कर हमलावारों की तलाश शुरू की है।
उपलापाड़ा निवासी अरविन्द (४०) पुत्र प्रेमनाथ योगी की ओर से कोतवाली पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह रविवार को दुर्ग मार्ग स्थित पद्मिनी हैण्डीक्राफ्ट के बाहर खड़ा था, तभी प्रताप नगर निवासी भावेश सिन्धी और पुष्कर गंगवाल वहां आए और उसके थप्पड़ मार दी। इसकी शिकायत दर्ज करवाने वह कस्बा चौकी पहुंचा और पुलिस को सारी बात बताई।
इसके बाद भावेश सिन्ध व पुष्कर गंगवाल सहित दो-तीन जने आए और उस पर तलवार से हमला कर दिया। अरविन्द को लहूलुहान हालत में सांवलियाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ प्राणघातक हमले का मामला दर्ज किया है। इधर पुलिस ने प्रताप नगर स्थित भावेश सिन्धी के घर पर दबिश दी, लेकिन भनक लगने से वह दीवार फांद कर भाग छूटा। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस उप अधीक्षक ऋषिकेश मीणा भी कोतवाली पहुंचे। बाद में कोतवाल गजेन्द्रसिंह ने दुर्ग पर फोटोग्राफी आदि का काम करने वालों को कोतवाली बुलाया और सख्त हिदायत दी। इन लोगों से यह भी कहा कि वे यूनिफॉर्म में रहें, ताकि उनकी पहचान व लपकों की धर-पकड़ की जा सके। पुलिस उप अधीक्षक ने कहा कि पर्यटकों के साथ लपकागिरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ऐसे लोगों के साथ सख्ती बरती जाएगी। गौरतलब है कि दुर्ग पर हैण्डीक्राफ्ट व्यवसाय को लेकर आपसी विवाद में बरसों पहले एक सिपाही के पुत्र की भी धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी।





No comments:
Post a Comment