कोटा. बिन बारिश के नाला ओवरफ्लो होने से सरकारी स्कूल जलमग्न हो गया। परिसर में डेढ़ से दो फीट पानी जमा हो गया। शिक्षकों व विद्यार्थियों को गंदे पानी में से होकर निकलना पड़ा।
नयानोहर स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय से सटा देवली अरब रोड से नयानोहरा के बीच में नाला निकल रहा है। शनिवार को सुबह अचानक पानी की ज्यादा आवक होने के कारण नाला ओवरफ्लो हो गया। इससे स्कूल परिसर में डेढ़ से दो फीट तक पानी जमा हो गया। सुबह 9 बजे शिक्षक व विद्यार्थी गंदे पानी में से होकर स्कूल के अंदर तक पहुंचे।
यूं तो अक्सर बरसात के दिनों में आती है ऐसी नौबत
विद्यार्थियों व शिक्षकों ने बताया कि हाल ही में स्कूल में नया रंगरोगन हुआ, लेकिन पास से सटा नाला सिर दर्द बना है। हर वर्ष यह बारिश के समय लबालब हो जाता है और कई दिनों तक पानी नहीं उतरता। उस समय भी इतने पानी से होकर गुजरते हैं। नगर निगम को नाले के सहारे चारदीवारी की मांग कई मर्तबा की जा चुकी है, लेकिन निर्माण नहीं कराया जा रहा। जिससे समस्या खड़ी हो जाती है। इस नाले की सालभर से भी सफाई नहीं हुई। नाले में बड़ी-बड़ी घास उगी हुई है। बारिश के दिनों में तो मगरमच्छ आने का भी अंदेशा बना रहता है।
समस्या से पार्षद को कराया अवगत
स्कूल स्टाफ व विद्यार्थियों की ओर से पार्षद दौलतराम मेघवाल को नाला ओवरफ्लो की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने नगर निगम से जेसीबी मशीन मंगवाई। दोपहर २ बजे बाद नाले की सफाई का कार्य शुरू हो सका। उसके बाद पानी उतरा।
स्कूल के समीप तेज टेप बजाने पर जब्त
अकलेरा. पुलिस ने स्कूल के समीप तेज आवाज में टेप बजाने पर जब्त की। घाटोली थानाधिकारी नेनूराम ने बताया कि ट्रैक्टर चालक कमलेश लोधा के खिलाफ ध्वनि प्रदूषण अधिनियम के तहत कार्रवाई की।





No comments:
Post a Comment