गंगापुरसिटी . उपखंड क्षेत्र के सबसे बड़े अस्पताल सामान्य चिकित्सालय में फार्मासिस्ट की कमी रोगियों व उनके परिजनों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। फार्मासिस्टों की कमी से पर्याप्त संख्या में दवा काउन्टर संचालित नहीं होने से रोगियों व परिजनों को कतार में इंतजार का दर्द सहन करना पड़ रहा है। काफी देर कतार में खड़े रहने के बाद रोगियों व उनके परिजनों को दवा मिल पा रही है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर वरिष्ठ नागरिकों को अधिक परेशानी हो रही हैं।
तीन दवा काउन्टर
सामान्य चिकित्सालय में वर्तमान में चार फार्मासिस्ट कार्यरत हैं। इनमें से एक अस्पताल के स्टोर में कार्यरत है, जबकि तीन फार्मासिस्ट के जरिए दवा काउन्टरों का संचालन किया जा रहा है। कोई फार्मासिस्ट साप्ताहिक अवकाश पर जाता है तो मात्र दो ही दवा काउन्टर संचालित हो पाते हैं। इसके चलते दवा काउन्टर पर लोगों की कतार लगी रहती है और लोगों को दवा लेने के लिए इंतजार करना पड़ता है।
एक हजार से अधिक रोगी
सामान्य चिकित्सालय में अमूमन एक हजार से अधिक रोगी उपचार के लिए पहुंचते हैं। वर्तमान में मौसमी बीमारियों के चलते रोगियों की संख्या इससे अधिक चल रही है। ऐसे में दवा काउन्टर अपर्याप्त साबित हो रहे हैं। चिकित्सा सूत्रों के अनुसार एक फार्मासिस्ट करीब डेढ़ सौ रोगियों को दवा दे सकता है, लेकिन काउन्टरों पर इससे अधिक भीड़ रहती है। इसके चलते लोगों को कतार में परेशान होना पड़ रहा है।
एक नजर में रोगी
दिनांक रोगी
27 मार्च 1053
26 मार्च 1048
25 मार्च 1385
24 मार्च 1176
23 मार्च 1248
कम हैं फार्मासिस्ट
अस्पताल में फार्मासिस्ट की कमी है। रोगियों की संख्या अधिक है। एक फार्मासिस्ट और उपलब्ध हो जाए जो चौथा काउन्टर खोला जा सकता है, जिससे रोगियों को राहत मिल सके।
- डॉ. जी. बी. सिंह, पीएमओ, सामान्य चिकित्सालय गंगापुरसिटी।





No comments:
Post a Comment