Breaking News
recent

केंद्रीय मंत्री पी पी चौधरी केे खिलाफ किसने खोला मोर्चा...पढ़ें पूरी खबर

पाली. केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के साथ एक और केंद्रीय मंत्री को अपनों का विरोध झेलना पड़ रहा है। पाली लोकसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री पी पी चौधरी के खिलाफ पार्टी में विरोध खुलकर सामने आ गया है। पार्टी के कई प्रमुख नेताओं ने प्रदेश प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर के बाद शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंन्त्री वसुंधरा राजे के समक्ष विरोध जताते हुए नए चेहरे को मैदान में उतारने की मांग की है। इधर, पार्टी पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दिया गया विरोध पत्र भी शुक्रवार को सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ।

लोकसभा क्षेत्र के बीजेपी नेताओं ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंन्त्री वसुंधरा राजे से मुलाकात की। उन्होंने एकजुटता से मौजूदा सांसद पी पी चौधरी को दोबारा प्रत्याशी बनाने का विरोध करते हुए अन्य पदाधिकारी को टिकट देने की मांग दोहराई। इस दौरान पाली और जोधपुर जिले के पाली लोकसभा क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। गौरतलब है कि गुरुवार को बीजेपी नेताओं ने राजस्थान प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर से मुलाकात की थी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पत्र, सांसद पर पार्टी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप

बीजेपी नेताओं द्वारा पाली लोकसभा के सांसद को प्रत्याशी न बनाने की मांग का एक हस्ताक्षरयुक्त पत्र सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। पत्र में लिखा कि पिछले चुनाव में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए सांसद को भारी मतों से जिताया, लेकिन सांसद ने कार्यकर्ताओं, विधायकों, संगठन पदाधिकारियों की न केवल उपेक्षा की, बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तवज्जो दी। इसलिए पार्टी कार्यकर्ताओं में निराशा का माहौल है। पत्र में सांसद द्वारा लगाए गई सोलर लाइट में भी कांग्रेस विचारधारा के लोगों को तवज्जो देने का आरोप लगाया। ये भी लिखा कि सांसद कोष से कराए कार्यों में पार्टी पदाधिकारियों की अनुशंषा को भी अनसुना किया गया।
उन्होंने पत्र में प्रत्याशी बदलने की मांग की। इस पत्र में जिला प्रमुख पाली पेमाराम सीरवी, जिला प्रमुख जोधपुर पुनाराम चौधरी, राज्य सभा सांसद रामनारायन डूडी, बाली विधायक पुष्पेंद्रसिंह, मारवाड़ जंक्शन के पूर्व विधायक केसाराम चौधरी, ओसियां कंव पूर्व विधायक भैराराम चौधरी, पूर्व विधायक कमसा मेघवाल, पूर्व विधायक अर्जुन गर्ग व किसान मोर्चा पाली के अध्यक्ष खीमाराम समेत कई पार्टी नेताओं के हस्ताक्षर है। किसान मोर्चा अध्यक्ष खीमाराम ने पुष्टि की है कि ये पत्र आलाकमान को दिया है।

 

विरोध के सुर
मौजूदा सांसद को किसी भी सूरत में टिकट नहीं मिलना चाहिए। इस भावना से पार्टी आलाकमान को अवगत करा दिया है।
खीमाराम धारिया, अध्यक्ष, किसान मोर्चा

 

आलाकमान को अवगत कराया

पार्टी प्रत्याशी बदलने को लेकर पार्टी आलाकमान को अवगत करा दिया है। अब पार्टी को सही फैसला करना है।
केसाराम चौधरी, पूर्व विधायक

 

सामूहिक रूप से दिया पत्र
आलाकमान से सामूहिक रूप से मिले और प्रत्याशी बदलने की मांग की है। पूरी उम्मीद है कि पार्टी अपने कर्मठ कार्यकर्ताओं की भावनाओं का ख्याल रखेगी।
पेमाराम सीरवी, जिला प्रमुख, पाली
पूर्व विधायक मदन राठौड़ और संजना आगरी का नाम भी जोड़ देना हुकम

 

सियासत में उबाल, चर्चा में रही पत्रिका की खबर

बीजेपी में टिकटों को लेकर चल रहे घमासान की पत्रिका में छपी खबर के बाद शुक्रवार को सियासी हलकों में जबरदस्त हलचल रही। हर कहीं पत्रिका के खबर की चर्चा रही। यहां तक कि सोशल मीडिया पर बीजेपी की खींचतान पर यूजर्स ने खूब चटकारे लिए। कई पार्टी के बचाव में उतरे तो अधिकांश ने खिंचाई की। इस मुद्दे पर बड़ी संख्या में कमेंट आए। कई अन्य दावेदारों के नाम भी फेसबुक और ट्विटर पर सुर्खियों में रहे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.