प्रतापगढ़. सुबह से रात तक महाशिवरात्रि का उत्साह, मंदिरों में शिव दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता, घंटियों की गूंज, हर-हर महादेव के जयकारे और शिवमय माहौल। महाशिवरात्रि के अवसर पर सोमवार को चहुंओर यही कुछ दिखाई दिया। जिलेभर महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान हुए तो शोभायात्रा और मेलों का आयोजन हुआ।
शिव दर्शन की चाह
शिवालयों में सुबह से ही भगवान शिव के दर्शनों के लिए श्रद्धालु उमड़े रहे। मंदिरों में दिनभर बम-बम भोले के जयकारे गूजंते रहे। अभिषेक, यज्ञ-हवन व पूजा अर्चना सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। प्रतापगढ़ के दीपेश्वर, गुप्तेश्वर, ओंकारेश्वर सहित अरनोद के गौतमेश्वर व कमलेश्वर, सालमगढ़ के नीलकण्ठ महादेव सहित सभी शिवालयों में भक्तों का रैला दिखाई दिया। यहां सुबह से ही भक्तों की भीड़ रही। लोग परिवार समेत मंदिरों में पहुंचे। मंदिरों में शिवलिंग पर लोगों ने दूध आदि से अभिषेक किए। प्रमुख मंदिरों पर विद्युत साज-सज्जा भी की गई।
शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का सैलाब
महाशिवरात्रि पर्व के मौके पर शहर में निकाली गई शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने उत्साह के साथ शोभायात्रा में भाग लिया। शोभायात्रा के पूरे रास्ते में श्रद्धालु डीजे और ढोलों की थाप पर नाचते रहे। बम भोले के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। संतों के सान्निध्य में सुबह किला परिसर से शोभायात्रा शुरू हुई। शोभायात्रा शहर के गांधी चौराहा सहित विभिन्न मार्गो से होते हुए दीपेश्वर तालाब पहुंचकर सम्पन्न हुई। शोभायात्रा में सबसे आगे घुड़सवार केसरिया पताका थामे चल रहे थे। इनके पीछे दीपनाथ महादेव एवं चेनकुंड महादेव की झांकियां शामिल थी। वहीं शोभायात्रा में बड़ीसादड़ी आश्रम के संत सुदर्शनाचार्य भी थे। शोभायात्रा में शामिल शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। वे शिव भजनों की धुन पर नाचते गाते शिव नाम के जयकारे लगा रहे थे। शोभायात्रा में काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। कई महिलाएं सिर पर कलश धारण किए चल रही थी। शोभायात्रा में सजी झांकियां प्रमुख आकर्षण का केन्द्र रही।
जगह-जगह स्वागत
शोभयात्रा के मार्ग पर जगह-जगह स्वागत हुआ। विभिन्न संगठनों, जनप्रतिनिधियों, दुकानदारों व आमजन की ओर से पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं की ओर से प्रसादी भी वितरित की गई। खिचड़ी, फल, शीतल पेय आदि बांटे गए। गांधी चौराहे पर शोभायात्रा अपने पूरे चरम पर थी। यहां बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
विराट भजन संख्या आज
महाशिवरात्रि पर्व पर इस वर्ष नगरपरिषद की ओर से 43वें महाशिवरात्रि मेले का आयोजन किया जा रहा है। नगरपरिषद की ओर से हर वर्ष पांच दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है लेकिन इस वर्ष मेला बजट की राशि में से बड़ी राशि पुलवामा हमले में मारे गए शहीदों के परिवारों को आर्थिक सहायता के रुप में देने से यहां एक दिवसीय मेला ही आयोजित किया जाएगा। यहां मंगलवार को अटल रंगमंच दशहरा मैदान पर शाम 8 बजे विराट भजन संख्या का आयोजन किया जाएगा। जिसमें गायक प्रकाश माली की ओर से भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी।
मेले में सजी दुकानें
मेले मे दादाबाड़ी परिसर के बाहर खाने-पीने की दुकानें लगाई लगेगी वहीं परिसर में झूले, चुडिय़ों, बच्चों के खिलोने आदि की दुकानें लगाई जाएगी।





No comments:
Post a Comment